बिहार पुलिस राज्य में जल्द ही बड़े पैमाने पर सिपाही भर्ती शुरू करने जा रही है। पुलिस मुख्यालय के एडीजी जितेंद्र कुमार गंगवार के मुताबिक सिपाहियों के 21,391 पदों की लिए बहाली निकाली जाएगी।
जितेंद्र गंगवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राज्य में विधि व्यवस्था को सशक्त बनाए रखने के लिए सिपाही के 75 हजार 543 नए पदों का सृजन किया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस में अब तक की सबसे बड़ी बहाली के लिए विज्ञापन निकाला जाएगा। गृह विभाग से 21,391 पदों के लिए रोस्टर पूरा होने के बाद पुलिस विभाग ने सिपाही भर्ती चयन पार्षद को बहाली प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है।
Also Read Story
अलग अलग वर्गों के आरक्षित सीट
एडीजी जितेंद्र गंगवार ने कहा कि बिहार में सिपाहियों के पद पर इतनी बड़ी नियुक्ति अभी तक नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि महिलाओं के लिए 7903 पद आरक्षित रखे गए हैं।
महिलाओं के लिए क्षैतिज आरक्षण 35% है और साथ ही पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 3% पद आरक्षित हैं। गृह रक्षकों के लिए कुछ सीटों की छूट दी गई है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता इंटरमीडिएट
21,391 पदों की बहाली के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट पास होना अनिवार्य है। परीक्षा में शामिल होने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की आयु 18-25 वर्ष है। अन्य पिछड़ा और अति पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों की आयु सीमा 18-27 वर्ष तय की गई है। इस वर्ग की महिलाओं के लिए आयु सीमा 18-28 वर्ष रखी गयी है। वहीं, अनुसूचित जाति और जनजाति के उम्मीदवारों की आयु सीमा 18-30 वर्ष है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।