बिहार के किशनगंज में मद्यनिषेध व उत्पाद कार्यालय में होमगार्ड के एक जवान और अधिकारी आपस में उलझ गए। आरोप है कि एएसआई जितेंद्र कुमार यादव ने होमगार्ड जवान वीर कुंवर सिंह से हाथापाई की। पीड़ित होमगार्ड के जवान ने इसकी शिकायत उत्पाद विभाग के थानाध्यक्ष से की है। जवान वीर कुंवर सिंह की पिटाई के विरोध में सोमवार को उत्पाद विभाग के होमगार्ड के करीब सौ जवान उत्पाद विभाग कार्यालय के बाहर कामकाज ठप कर धरने पर बैठ गए। पीड़ित जवानों ने एएसआई पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
होमगार्ड के जवान नितेश कुमार यादव ने बताया कि एएसआई द्वारा उनको ड्यूटी से लौटने के बाद पुनः पेट्रोलिंग के लिए अन्य अधिकारी के साथ भेज दिया जाता है, यहां तक कि भोजन करने तक का वक्त भी नहीं दिया जाता है। इससे सभी होमगार्ड के जवान मानसिक प्रताड़ना का शिकार हैं। इसी से तंग आकर जब उत्पाद दरोगा जितेंद्र कुमार यादव से होमगार्ड के जवान वीर कुंवर सिंह ने जवानों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का कारण पूछा तो, दरोगा बाबू आग बबूला हो गए और शिकायत करने गए होमगार्ड जवान से गाली-गलौज करते हुए पिटाई कर दी।
Also Read Story
होमगार्ड की महिला कर्मियों ने भी उत्पाद विभाग के दरोगा जितेंद्र यादव पर गंभीर आरोप लगाये हैं। महिला कर्मी झूमी कुमारी सिंहा ने ‘मैं मीडिया’ को बताया कि एएसआई जितेंद्र कुमार यादव ड्यूटी के दौरान महिला कर्मियों को परेशान करते हैं और रात में बिना जरूरत कॉल करते हैं, जिससे वे लोग काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि एएसआई अकेले महिला कर्मी को ड्यूटी पर ले जाने के लिये मजबूर करते हैं, जिस वजह से महिला कर्मी डरी रहती हैं और कोशिश करती हैं कि उसके साथ ड्यूटी ना पड़े।
जवानों ने किशनगंज जिला पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच के बाद आरोपी उत्पाद दरोगा जितेंद्र यादव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में होमगार्ड जवानों की यूनियन ‘बिहार गृहवाहिनी स्वयं सेवी संघ’ भी कूद गयी है। संघ के अध्यक्ष अमल किशोर यादव ने ‘मैं मीडिया’ को बताया कि जब तक एएसआई जितेंद्र कुमार को हटाया नहीं जायेगा, तब तक वे लोग ड्यूटी पर वापस नहीं आएंगे। वहीं, संघ के संरक्षक गोपाल सिंहा कहते हैं कि आरोपी दारोगा के खिलाफ उनलोगों ने उत्पाद अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन उन्होंने इसका कोई रिस्पॉन्स नहीं लिया।
मामले को लेकर किशनगंज के उत्पाद अधीक्षक देवेन्द्र प्रसाद ने ‘मैं मीडिया’ को बताया कि एएसआई के खिलाफ लगाये गये आरोपों की जांच की जा रही है और अगर वह दोषी पाये गये, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
उत्पाद अधीक्षक द्वारा कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद होम गार्ड के जवान ड्यूटी पर लौट गए हैं। वहीं, आरोपी दरोगा जितेंद्र कुमार यादव ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर जवान उनसे नाराज़ हैं, इसलिये उनपर बेबुनियाद आरोप लगाकर खुन्नस निकाल रहे हैं।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।