बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अभी बच्चा है और उसको कुछ पता नहीं है। महागठबंधन से अलग होने और भारतीय जनता पार्टी के साथ सरकार बनाने के बाद नीतीश ने पहली बार राष्ट्रीय जनता दल के शासनकाल पर खुल कर बात की।
नीतीश ने कहा कि जब राष्ट्रीय जनता दल की सरकार थी, तब लोग शाम के बाद घरों से नहीं निकलते थे। तेजस्वी के 17 महीने में किये गये विकास के दावों पर बोलते हुए नीतीश ने कहा कि यह सब फालतू बात है।
Also Read Story
“यह सब फालतू बात है। कितने लोगों को रोजगार मिला है। आप भूल गए 2005 से पहले को। अब पढ़ाई कैसी होती है सबको पता है। इनलोग का जब राज था क्या होता था। शाम के बाद कोई बाहर निकलता था? आप तो बच्चा थे। आपको नहीं मालूम कुछ भी,” उन्होंने कहा।
नीतीश कुमार ने आगे कहा, “कोई जाता था यहां से आगे? क्या स्थिति थी। यह बड़ा-बड़ा जो बिल्डिंग बना है कुछ था? ये तो जब हम आए हैं 2005 से, तब न बनाये हैं जी। जो (तेजस्वी) बच्चा है और बाद में आया है उसको क्या पता है? सारा काम जो हमलोगों ने किया है 2006 से किया है।”
उन्होंने कहा कि 2005 से पहले राजद के शासनकाल में न सड़क थी और न स्वास्थ्य सेवाएं बहाल थीं और जब वह बिहार के मुख्यमंत्री बने, तब उन्होंने सभी विकास कार्य किया है। उन्होंने कहा कि राजद के दौर में शिक्षकों की बिल्कुल बहाली नहीं हुई और उस दौर में स्कूलों में पढ़ाई नहीं होती थी।
“कोई सड़क था कहीं? हमलोग भी चलते थे तो अपने-अपने इलाके में तो पैदल ही चलते थे। जब केंद्र में मंत्री थे तो अपने इलाके में 12-12 घंटे घूमते थे। घूमते थे, पैदल चलते थे। आज कहीं पैदल नहीं चलना पड़ता है। हर जगह सड़क बना दिये। अब तो जगह जगह देख रहे हैं उसको और एक्सपेंड करेंगे,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा, “हम जानते हैं कि कुछ लोगों को पब्लिसिटी चाहिए होती है। जो पब्लिसिटी देना हो दीजिये। लेकिन याद कीजिये न जब केंद्र में थे कितना ज्यादा काम किये। जब यहां आये हैं 2005 से कितना काम किये हैं…अब कोई कहता है तो उसका कोई मतलब है?”
वहीं, विपक्षी इंडिया गठबंधन से अलग होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि वह पहले ही कह रहे थे कि उनको यह (इंडिया) नाम पसंद नहीं है। इंडिया गठबंधन द्वारा अब तक सीट शेयरिंग फाइनल नहीं करने को लेकर भी उन्होंने चुटकी ली और कहा कि अब वह हमेशा बीजेपी के साथ ही रहेंगे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।