अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के खजूरी में युवक ने कथित तौर पर अपने सौतेले पिता की हत्या कर दी है। मृतक का नाम छविलाल है। आरोपी मनीष कुमार को हिरासत में ले लिया गया है, जहां उसने हत्या की बात कबूल कर ली है।
आरोपी ने सौतेले पिता की हत्या कर बिलिनिया नदी के ड्रेनेज के किनारे दफना दिया था। पुलिस को काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद लाश मिली। आरोपी ने बताया कि उसने गुरुवार शाम को ही हत्या कर दी थी।
Also Read Story
ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने छविलाल को कई दिनों से नहीं देखा तो मनीष से पूछताछ की। पूछताछ में मनीष ने बताया कि उसने उसकी हत्या कर दी है।
यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस घटनास्थल पर ले गई।
आरोपी ने पुलिस को काफी देर गुमराह करने के बाद लाश का सही ठिकाना बताया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
खजूरी पंचायत के सरपंच ने बताया कि मृतक छविलाल ऋषिदेव, परवाहा वार्ड 11 निवासी रामदेव ऋषिदेव का पुत्र है। मनीष के पिता सीरिया ऋषिदेव की मृत्यु दो वर्ष पूर्व हो गई थी।आरोपी की मां ने दूसरी शादी चाचा छविलाल ऋषिदेव से की थी। मां की दूसरी शादी से वह दुखी था, इसलिए मां से हमेशा दुर्व्यवहार करता था। ग्रामीणों ने बताया कि मनीष नशा भी करता था।
मौके पर मौजूद दंडाधिकारी सह अंचल अधिकारी मनोज कुमार की उपस्थिति में भरगामा थाना अध्यक्ष आदित्य कुमार ने शव को गड्ढे से निकाला। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस ने कहा कि आरोपी नशे की हालत में है। मौके पर एसआई कारे पासवान, एएसआई कुलदीप कुमार और सशस्त्र बल के जवान मौजूद थे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।