बिहार के अररिया जिले की ट्राफिक व्यवस्था को सुधारने को लिए यहां यातायात (ट्रैफिक) थाना स्थापित किया गया है। यातायात थाने का उद्घाटन बुधवार को अररिया के पुलिस कप्तान अशोक कुमार सिंह ने किया। अररिया के जीरो माइल स्थित पुराने एससी-एसटी थाना भवन में यातायात थाने को स्थापित किया गया है।
सड़क दुर्घटना से संबंधित प्राथमिकी (एफआईआर) इसी थाने में दर्ज की जाएगी। जीरो माइल स्थित यह थाना सारी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। थाना के इंचार्ज इंस्पेक्टर स्तर के पुलिस पदाधिकारी होंगे।
जिले के पुलिस कप्तान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो से अधिक की मृत्यु होने पर यातायत थाने में एफआईआर दर्ज की जाएगी। बताते चलें कि सरकार ने बिहार के 26 जिलों में यातायात थाना स्थापित करने की अधिसूचना जारी की है। उसी में अररिया जिले का यह थाना भी शामिल है।
अररिया एसपी ने यातायात थानाध्यक्ष को कई दिशा निर्देश भी दिए। बता दें कि अररिया होकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-57 और 327-ई गुजरते हैं। इन राष्ट्रीय राजमार्गों पर आए दिन जाम और दुर्घटना की समस्या उत्पन्न हो जाती है। इसको लेकर कई वर्षों से अररिया में यातायात पुलिस और थाने की मांग हो रही थी।
जिले को जाम से मुक्ति और बढ़ती सड़क दुर्घटना को लेकर सरकार ने गंभीरता दिखाई और 26 जिलों में यातायात थाने की स्थापना की है। यातायात थाने में कार्यरत पुलिस कर्मियों को सड़क पर जाम लगने और दुर्घटना हो जाने के बाद यातायात को त्वरित रूप से सुचारू करना होगा।
Also Read Story
यातायात थाने के थानाध्यक्ष से लेकर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया है। यातायात थाना उद्घाटन के मौके पर सदर एसडीपीओ राम पुकार सिंह, हेड क्वार्टर डीएसपी फखरे आलम, नगर थाना अध्यक्ष निर्मल कुमार यादवेंदु के अलावा कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।