बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने अररिया में प्रधानमंत्री मोदी पर जमकर निशाना साधा। अररिया से राजद प्रत्याशी शाहनवाज़ के समर्थन में चुनाव प्रचार करने रानीगंज विधानसभा के बीरनगर बिषहरिया स्थित कर्बला मैदान पहुंचे तेजस्वी ने कहा कि पीएम मोदी से बड़ा झूठा प्रधानमंत्री आजतक दुनिया में कोई नहीं हुआ है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी इतना झूठ बोलते हैं कि गोबर को भी हलवा बना देते हैं और पीएम मोदी ने जो जनता से वादा किया था, उसको पूरा करने में वह नाकाम रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार आई तो पूरे देश में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी दी जायेगी।
“मोदी जी से बड़ा झूठा प्रधानमंत्री आजतक दुनिया में कोई नहीं हुआ है। केवल झूठ बोला है उन्होंने, इतना झूठ बोलते हैं कि गोबर को भी हलवा बना देते हैं। बीजेपी का मतलब ही है, बड़का झूठा पार्टी। ये लोग केवल लड़ाई-झंझट पैदा करने वाले लोग हैं। आपका भाई (मैं) जब सत्ता में रहा तो पांच लाख लोगों को बिहार में सरकारी नौकरी देने का काम किया। हमलोगों ने जो कहा वो किया,” उन्होंने कहा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “अगर हम लोग जीतेंगे तो 15 अगस्त जिस दिन हमें आज़ादी मिली थी, उसी दिन बेरोज़गारी से हमलोग आज़ादी दिलाने का काम करेंगे। पूरे देश में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी दी जायेगी। गैस सिलेण्डर का रेट पांच सौ रूपये कर दिया जायेगा। 200 यूनिट तक फ्री बिजली हमलोग बिहार के लोगों को दिलवाने का काम करेंगे। हर ग़रीब परिवार की बहनों को हर साल एक लाख रूपये का सहयोग देंगे।”
“तुम तो धोखेबाज़ हो, वादा करके भूल जाते हो”
तेजस्वी यादव स्टेज से फिल्मी गाना “तुम तो धोखेबाज़ हो, वादा करके भूल जाते हो” गाकर प्रधानमंत्री मोदी पर हमलावर हुए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने सबको ठगा है, इसलिये इस बार जनता उनको सत्ता से बेदख़ल करेगी।
Also Read Story
“तुम तो धोखेबाज़ हो, वादा करके भूल जाते हो। रोज़-रोज़ मोदी जी तुम झूठ बोलोगे, रोज़-रोज़ मोदी जी तुम ऐसा करोगे, जनता जो रूठ गई तो हाथ मलोगे, अरे तुम तो धोखेबाज़ हो, वादा करके भूल जाते हो। मोदी जी तो सबको ठगे हैं, इस बार उनको सत्ता से बेदख़ल किया जायेगा। तानाशाही ख़त्म होगी। ग़रीब जनता का राज होगा,” उन्होंने कहा।
“यह गंगा-जमुनी तहज़ीब को बचाने का चुनाव है”
तेजस्वी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव देश को बचाने और बनाने का है और यह देश की गंगा-जमुनी तहज़ीब को भी बचाने का चुनाव है। उन्होंने लोगों से राजद प्रत्याशी शाहनवाज़ के पक्ष में अधिक से अधिक वोट करने की अपील की।
“यह चुनाव देश को बचाने और बनाने का चुनाव है। देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। गंगा-जमुनी तहज़ीब को बचाने का चुनाव है…यहां के सांसद ने आपलोगों के लिये क्या किया? भाजपा के सांसद हैं जो जीत कर जाते हैं दोबारा आप लोगों के बीच नहीं आते हैं। इन लोगों का राज्य में सरकार है कंद्र में सरकार है। लेकिन, इनलोगों ने केवल लोगों को ठगने का काम किया,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा, “सबसे बड़ा अगर कोई दुश्मन है तो वो बेरोज़गारी, ग़रीबी है और महंगाई है। लेकिन, हमारे देश के प्रधानमंत्री ना महंगाई के बारे में बोलते हैं, ना ग़रीबी के बारे में बोलते हैं, ना बेरोज़गारी के लिये बोलते हैं और ना विकास के बारे में बोलते हैं। केवल हिंदू-मुसलमान भाई को आपस में झगड़ा लगा कर दस साल से राज कर रहे हैं। लेकिन, अररिया की जनता के लिये क्या किया, एक बार भी यह नहीं बताया”
मोदी सरकार संविधान को बदलना चाहती है: मुकेश सहनी
तेजस्वी यादव के साथ विकासशील इंसान पार्टी के मुकेश सहनी भी रानीगंज की चुनावी सभा में पहुंचे थे। सभा को संबोधित करते हुई उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की संविधान को नहीं मानती है और संविधान को बदलना चाहती है।
उन्होंने कहा कि जो भी प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ बोलते हैं, उनको वह जेल में डाल देते हैं और जो इनके सामने आवाज़ उठाते हैं, उनके विधायक को ख़रीद लेते हैं। मुकेश सहनी ने इंडिया प्रत्याशी शाहनवाज़ को भारी मतों से जिताने की अपील की।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















