बिहार में भाजपा और जदयू के सहयोग से बनी नयी सरकार में मंत्रियों को विभागों का आवंटन हो चुका है। सामान्य प्रशासन, गृह, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी और निर्वाचन जैसे विभाग बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने हिस्से में रखा है।
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के हिस्से में वित्त व वाणिज्य कर, नगर विकास व आवास, स्वास्थ्य, पंचायती राज, उद्योग, पशु व मत्स्य संसाधन और कानून विभाग आये हैं। वहीं दूसरे उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिंहा को कृषि, पथ निर्माण, राजस्व व भूमि सुधार, गन्ना उद्योग, श्रम संसाधन, लघु जल संसाधन, पीएचई विभाग की जिम्मेदारी मिली है।
Also Read Story
विजय कुमार चौधरी जल संसाधन, संसदीय कार्य, भवन निर्माण, परिवहन, शिक्षा और सूचना व जनसंपर्क मंत्री तो बिजेंद्र प्रसाद यादव ऊर्जा, योजना व विकास, मद्य निषेध, उत्पाद व निबंधन, ग्रामीण कार्य तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाये गये हैं।
डॉ. प्रेम कुमार को सहकारिता, पिछड़ा वर्ग व अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, आपदा प्रबंधन, पर्यटन और पर्यावरण, वन व जलवायु मंत्री, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, समाज कल्याण तथा खाद्य व उप्भोक्ता संरक्षण मंत्री, संतोष कुमार सुमन को सूचना प्रावैधिकी, एससी एसटी कल्याण मंत्री और सुमित कुमार सिंह विज्ञान प्रावैधिकी व तकनीकी शिक्षा मंत्री बनाया गया है।
बताते चलें की महागठबंधन से अलग होने के बाद नीतीश कुमार ने 28 जनवरी को 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। भारतीय जनता पार्टी कोटे से पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, डॉ प्रेम कुमार और जदयू कोटे से विजय कुमार चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव तथा श्रवण कुमार ने मंत्री पद की शपथ ली थी।
साथ ही, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संतोष कुमार सुमन और निर्दलीय विधायक सुमित कुमार सिंह ने भी उसी दिन मंत्री पद की शपथ ली थी।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।