बिहार के अररिया जिले के फारबिसगंज में पूर्व पार्षद मनोज ठाकुर पर गोली चलाने वाले अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए अररिया पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि फारबिसगंज थानांतर्गत मेला रोड वार्ड संख्या 7 में रविवार को जमीन ब्रोकरी विवाद में 45 वर्षीय संजय चौधरी ने अपने व्यापारिक भागीदार मनोज ठाकुर को 5 गोली मार दी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को अभियुक्त संजय चौधरी को जोगबनी थाना क्षेत्र स्थित नेपाल बॉर्डर के निकट चाणक्या चौक से गिरफ्तार किया।
एसपी अशोक कुमार ने आगे बताया कि गोलीकांड में घायल पूर्व पार्षद मनोज ठाकुर मेला रोड में सैलून चलाते हैं और जमीन ब्रोकरी में अभियुक्त संजय चौधरी के बिज़नेस पार्टनर हैं। व्यापार को लेकर दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ जिसके बाद संजय चौधरी ने मनोज ठाकुर पर पांच गोलियां चला दीं। मनोज फिलहाल पूर्णिया के मैक्स अस्पताल में भर्ती हैं और अब उनकी हालत स्थिर है।
Also Read Story
रविवार 14 जनवरी को हुई इस घटना के बाद फारबिसगंज थाने में थानाकांड संख्या 42/2024 दर्ज किया गया। पुलिस बल की एक टीम गठित कर आरोपी संजय चौधरी की तलाश शुरू की गई। 24 घंटे के अंदर सोमवार को पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के पास चाणक्या चौक पर संजय चौधरी को गिरफ्तार किया।
“पूछताछ के क्रम में संजय चौधरी ने गोली मारने की बात स्वीकार की है। घटना में उपयोग किए गए एक देसी पिस्तौल और एक देसी कट्टा अभियुक्त के घर के दक्षिण में कुछ दूरी पर मिट्टी में दबाकर रखी गई अवस्था में बरामद किए गए हैं। आरोपी संजय चौधरी की गिरफ्तारी हो गई है। अग्रिम कार्रवाई के लिए बचे हुए शेष काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा,” एसपी अशोक कुमार ने बताया।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।