अररिया के भरगामा प्रखंड में एक ट्रक और बाइक की टक्कर में बाइक सवार 2 लोगों की मौत हो गई। घटना 13 जून को सुकेला मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक हुई।
बताया जाता है कि चावल से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गया, जिससे बाइक पर सवार 2 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
Also Read Story
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे 327 ई को जाम कर प्रदर्शन किया। घटना की जानकारी मिलते ही भरगामा थाना पुलिस और रानीगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत करने की कोशिश की।
दोनों बाइक सवार मृतक पति पत्नी थे। 30 वर्षीय मिथिलेश रजक पेशे से ग्रामीण चिकित्सक थे और उनकी 26 वर्षीय पत्नी रंजू देवी समूह संचालक थी।
जानकारी के अनुसार, रंजू देवी अपने पति मिथिलेश रजक के साथ बाइक पर सवार होकर समूह का पैसा जमा करने खजूरी मिलिक वार्ड संख्या 6 से रानीगंज जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को कुचल दिया।
इस दुर्घटना के बाद इलाके के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उग्र लोगों ने पुलिस के विरोध में नारेबाजी की। भीड़ ने ट्रक को क्षति पहुंचाते हुए उसके अंदर रखी चावल की बोरियों को रोड पर फेंक दिया। स्थानीय लोगों के प्रदर्शन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग 327ई पर तकरीबन 5 घंटे जाम लगा रहा।
उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भरगामा थाना अध्यक्ष आदित्य कुमार के निर्देश पर जिले से अतिरिक्त पुलिस बल बुलायी गयी। इनमें फारबिसगंज एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलबेला, रानीगंज थानाध्यक्ष कौशल कुमार, नरपतगंज थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पांडे, अररिया ओपी थानाध्यक्ष उमेश कुमार, सिमराहा थानाध्यक्ष कुमार विकास, बीडीओ ममता कुमारी आदि शामिल रहे।
मृतक के भाई अखिलेश रजक ने बताया कि मिथिलेश रजक के तीन बच्चे हैं, जिनकी उम्र दस, आठ व छह वर्ष है। घटनास्थल पर पहुंचे फारबिसगंज एसडीओ सुरेंद्र कुमार अलबेला ने मृतक के परिजन को सांत्वना देते हुऐ कहा कि परिजन को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।