बिहार के अररिया सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह के समर्थन में चुनाव प्रचार करने आये बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने अपने भाषण में कहा कि वे एक भी बांग्लादेशी को बिहार में रहने नहीं देंगे।
उन्होंने लोगों से देश में एक बार फिर पूर्ण रूप से सुशासन की सरकार बनाने की अपील की। सम्राट चौधरी ने कहा कि जिस तरह से अररिया की जनता आज यहां आई है, उससे साफ और स्पष्ट संदेश है कि बिहार में 40 की 40 सीट भाजपा समर्थित एनडीए गठबंधन जीतेगी। उन्होंने कहा कि अररिया में पहले भी कमल खिला है और जहां-जहां भी कीचड़ रहेगा, वहां-वहां कमल खिलेगा।
“जिस तरह से अररिया की जनता ने ताक़त दिखाने का काम किया है यह स्पष्ट संदेश देता है कि बिहार में 40 की 40 सीट भारतीय जनता पार्टी और एनडीए जीतने का काम करेगी। कोई ग़लतफहमी में हम नहीं हैं। पहले भी अररिया में भाजपा का कमल खिला था। जहां-जहां कीचड़ फैलेगा वहां-वहां कमल ज़रूर खिलेगा,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा, “बिहार में माफिया लोगों को चलने नहीं देना है। ये जो माफिया लोग हैं कोई शराब माफिया, कोई बालू माफिया और कोई ज़मीन माफिया है। एक दम आश्वस्त रहिये या तो उसको अररिया के जेल में बंद करेंगे या तो उसको बिहार छोड़कर नेपाल भागना पड़ेगा। एक भी बांग्लादेशी को बिहार में अब रहने नहीं देंगे। पूर्ण रूप से सुशासन की सरकार बनाना है।”
सम्राट चौधरी ने लोगों से प्रदीप कुमार सिंह को भारी मतों से विजय बनाने की अपील की। साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि बिहार को लूटना ही विपक्ष का काम रह गया है।
400 से अधिक सीट लाएगी एनडीए: चिराग पासवान
सभा को संबोधित करते हुए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में न सिर्फ एक बार फिर एनडीए की सरकार बनेगी, बल्कि 400 से अधिक सीट लाकर एनडीए इतिहास रचेगी। उन्होंने कहा कि इस जीत में बिहार का भी योगदान रहेगा और एनडीए यहां की 40 सीट जीतने में सफल रहेगी।
प्रदीप सिंह ने भरा पर्चा
अररिया सीट पर भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सिंह ने अपना पर्चा दाखिल किया। नामांकन करने जाने से पहले अररिया के शिवपुरी में पार्टी द्वारा नामांकन सह संकल्प सभा का आयोजन किया गया था।
Also Read Story
सिंह के नामांकन सह संकल्प सभा में बिहार के उपमुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के कई अन्य नेता मौजूद थे।
सभा में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सहित भाजपा समर्थकों की भीड़ जुटी रही। संकल्प सभा को संबोधित करने के बाद प्रदीप कुमार सिंह संकल्प सभा में स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से आशीर्वाद लेकर नामांकन करने समाहरणालय परिसर पहुंचे।
कोई भी चुनौती नहीं है: प्रदीप सिंह
पर्चा दाखिल करने के बाद प्रदीप सिंह ने बताया कि उनके सामने कोई भी उम्मीदवार चुनौती नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर अररिया की जनता ने मौक़ा दिया तो जो बचे हुए काम हैं उनको पूरा किया जायेगा।
“कोई नहीं है टक्कर में, कहां पड़े हो चक्कर में। मैं किये गए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाऊंगा। कुछ काम बाकी रह गए हैं, उन्हें जल्द पूरा किया जाएगा, अगर जनता मौका दे तो। अररिया जिले में पलायन एक बड़ी समस्या है। इसलिए इस बार पहला कार्य होगा कि उद्योग लगाये जाएं,” उन्होंने कहा।
उन्होंने आगे कहा, “अररिया में मेडिकल कॉलेज के साथ और भी कई कार्य करने बाकी हैं। मैंने प्रधानमंत्री के कामों को धरातल पर उतरने का काम किया है, इसलिए अब कोई चुनौती नहीं बच गई है। जनता उन विकास के कार्यों को देखकर ही हमें वोट देगी।”
“न्यू इंडिया की तरह न्यू अररिया बनाऊंगा”
प्रदीप सिंह ने सीमांचल में बाढ़ की समस्या पर कहा कि बाढ़ यहां की बड़ी समस्या है और उससे निजात दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
“बाढ़ इस जिले की एक बड़ी समस्या है, उससे निजात दिलाना ही मेरी प्राथमिकता होगी इसलिए इस दिशा में कार्य करूंगा। मक्का आधारित उद्योग लगाना हमारी प्राथमिकता होगी। मक्का आधारित उद्योग लगने से अररिया के लोगों को रोजगार मिलेगा और जो पलायन की समस्या है उसमें भी कमी आएगी। प्रधानमंत्री की तरह न्यू इंडिया की तरह न्यू अररिया बनाऊंगा,” उन्होंने कहा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।