बिहार के अररिया में अपनी मांगों को लेकर जिले के मध्याह्न भोजन (एमडीएम) रसोइया संघ ने जिला समाहरणालय का घेराव किया। प्रदर्शन में विभिन्न स्कूलों से आए रसोइया ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन मध्याह्न भोजन रसोइया फ्रंट के बैनर तले आयोजित किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत रसोइया हजारों की संख्या में इस प्रदर्शन में पहुंचे थे। रसोईया संघ ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के माध्यम से अपनी 15 सूत्री मांगों को रखा। प्रदर्शन का नेतृत्व रसोइया संघ की जिला अध्यक्ष रंजू देवी ने किया।
Also Read Story
जिले भर से आए रसोईया प्रदर्शन से पहले अररिया के सुभाष स्टेडियम में एकत्रित हुए। फिर वहां से जुलूस निकालते हुए समाहरणालय पहुंच कर प्रदर्शन किया। संघ की जिला अध्यक्ष रंजू देवी ने बताया कि उनकी मुख्य मांग रसोईया के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर है।
रंजू देवी ने आगे बताया कि मानदेय 1,600 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया जाए और रसोइया को सरकारी कर्मचारी घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।
संघ की जिला अध्यक्ष ने आगे कहा कि रसोईया 12 महीने काम करते हैं, लेकिन उन्हें 10 महीने का ही मानदेय दिया जाता है। प्रदर्शन के बाद संघ की जिला अध्यक्ष ने अपना मांग-पत्र जिला पदाधिकारी को सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।