एनडीए गठबंधन में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार की पांचों लोकसभा सीटों के लिये अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर पार्टी ने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी की है। बड़े नेताओं में महबूब अली क़ैसर और प्रिंस राज का टिकट पार्टी ने काट दिया है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान खुद हाजीपुर से चुनाव लड़ेंगे। खगड़िया से पार्टी ने राजेश वर्मा, समस्तीपुर से शांभवी चौधरी और वैशाली से वीणा देवी को टिकट दिया है।
वहीं, जमुई से चिराग़ ने अरुण भारती को उम्मीदवार बनाया है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राम विलास पासवान की दूसरी पत्नी की बेटी निशा पासवान के पति हैं।
अरुण भारती की मां डॉ ज्योति भारती कांग्रेस की वरिष्ठ नेता हैं। वह 1985-1995 तक सहार (आरक्षित) विधानसभा सीट से विधायक रहीं। डॉ ज्योति 2 बार बिहार विधान परिषद सदस्य भी रहीं।
बताते चलें कि एनडीए गठबंधन में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को पांच सीटें मिली हैं। एनडीए गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी बिहार की 17 सीटों पर, जनता दल युनाइटेड 16 पर, जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक समता पार्टी एक-एक सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
Also Read Story
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।