2024 लोकसभा चुनाव के लिए भाकपा (माले) ने बिहार और झारखंड से 4 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी बिहार की तीन लोकसभा सीटों काराकाट, आरा और नालंदा से चुनाव लड़ रही है।
नालंदा से संदीप सौरव को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है जो फिलहाल पालीगंज विधानसभा सीट से विधायक हैं। आरा सीट से सुदामा प्रसाद को प्रत्याशी बनाया गया है जो वर्तमान में तरारी विधानसभा सीट से विधायक हैं। काराकाट लोकसभा सीट से राजाराम सिंह को मौका दिया गया है।
Also Read Story
पिछले लोकसभा चुनाव में भाकपा (माले) ने बिहार की चार सीटों से चुनाव लड़ा था और चारों सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा था। वे चार सीटें आरा, सीवान, काराकाट और जहानाबाद की थीं।
भाकपा (माले) ने झारखंड की एक सीट से प्रत्याशी की घोषणा की है। कोडरमा लोकसभा सीट से विनोद सिंह को टिकट मिला है। वह झारखंड के बगोदर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
अगिआंव विधानसभा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा
1 जून को बिहार के भोजपुर जिला स्थित अगिआंव विधानसभा सीट का उपचुनाव होना है। भाकपा (माले) ने इस सीट पर भी अपने प्रत्याशी का एलान किया है। शिव प्रकाश रंजन इस विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार होंगे।
बता दें कि 2020 विधानसभा चुनाव में अगिआंव विधानसभा सीट से भाकपा (माले) के मनोज मंज़िल विधायक बने थे। मनोज को हत्या के एक मामले में इसी साल फरवरी में एक स्थानीय अदालत ने आजीवन कारावास की सज़ा सुनाई। सज़ा के बाद विधायक पद से मनोज मंज़िल के अयोग्य होने पर अगिआंव सीट खाली हुई है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।