कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आरंभ करने वाले हैं। अपनी यात्रा के दौरान वह सीमांचल के चारों जिलों में आएंगे। यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने कांग्रेस के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह किशनगंज पहुंचे और सांसद डॉ मो जावेद आज़ाद से मुलाकात की। उन्होंने जिले के कार्यकर्ताओ के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि सीमांचल के किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और कटिहार में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों लेकर इन चारों जिलों के जिला अध्यक्षों के साथ पूर्णिया में पार्टी के केंद्रीय दल की बैठक रखी गई है।
Also Read Story
उन्होंने कहा, “राहुल जी सबसे पहले (राज्य में) सीमांचल में ही प्रवेश करने वाले हैं। तैयारियों को लेकर चारों जिलों के नेताओं से पूर्णिया में तीन बजे बैठक होनी है। बैठक में जावेद साहब, शकील खान और तारिक साहब सम्मिलित होंगे। इसके अलावा चारों जिले के जिला अध्यक्ष और सेंट्रल कमेटी के साथ बैठक की जाएगी।”
राहुल गांधी की यात्रा पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से होते हुए किशनगंज में दाखिल होगी। इसको लेकर अखिलेश सिंह ने कहा, “लाखों की भीड़ चलेगी राहुल जी के साथ। यह इलाका कांग्रेस का परंपरागत गढ़ रहा है। राहुल जी यहां खुद आ रहे हैं, तो लाखों लोग पीछे पीछे चलेंगे।”
पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और जनता दल यूनाइटेड आमने सामने थे, लेकिन इस बार इंडिया गठबंधन में दोनों पार्टी राज्य में एक ही खेमे में होंगी। सीट बंटवारे का समीकरण पूछे जाने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने चुप्पी साधे रखी। हालांकि उन्होंने ऐसा दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में बिहार में भाजपा को एक भी सीट पर जीत नहीं मिलेगी।
“इंडिया गठबंधन (बिहार में) एक भी सीट भाजपा को जीतने नहीं देगी। उनका खाता नहीं खुलेगा इतना हम कह सकते हैं,” अखिलेश प्रसाद ने कहा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।