अररिया के फारबिसगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत रमई पंचायत के घोड़ाघाट में नवविवाहिता का शव ससुराल में संदिग्ध अवस्था में मिला है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए गला दबा कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल के सभी लोग घर से फरार हो गए हैं।
मृतका का नाम जूली देवी है। वह घोड़ाघाट के मुखिया चौक निवासी गोपाल बहारदार की पत्नी थी। मृतका का मायका सैफगंज के भाग परवाहा वार्ड संख्या एक में है। उनके पिता का नाम उपेंद्र बहरदार है। वह बाहर रह कर मजदूरी करते हैं।
Also Read Story
घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने दहेज को लेकर नवविवाहिता की हत्या किये जाने की बात कही। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
मृतका की मां गीता देवी ने बताया कि चार माह पहले दोनों परिवारों की सहमति से घोड़ाघाट के सहदेव बहारदार के पुत्र गोपाल बहारदार से जूली की शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वालों ने दहेज के लिए जूली को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था।
गीता देवी ने कहा कि बेटी के ससुराल वाले दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये सहित अन्य सामान की मांग लगातार करते थे। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
शनिवार की देर रात उन्हें उनकी बेटी के पड़ोसियों द्वारा हत्या की सूचना मिली।
गीता देवी ने कहा कि जब वह सपरिवार बेटी की ससुराल पहुंचीं, तो बेटी का शव जमीन पर पड़ा हुआ था और उसके गले पर नाखून के गहरे निशान थे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।