बिहार में एनडीए समर्थित नीतीश कुमार की सरकार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिपरिषद का विस्तार किया। शुक्रवार को 21 नये मंत्रियों ने शपथ ली, जिसमें जदयू के नौ और भाजपा के 12 मंत्री शामिल हैं। जदयू विधायक सुनील कुमार बिहार के नये शिक्षा मंत्री बनाये गये हैं।
सुनील कुमार वर्तमान में गोपालगंज के भोरे से विधायक हैं। उनका संबंध एक राजनीतिक और प्रशासनिक बैकग्राउंड वाले परिवार से है। वह भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी थे और राजनीति में आने से पहले वह बिहार पुलिस के डायरेक्टर जेनरल रह चुके हैं।
Also Read Story
उन्होंने पहली बार 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में गोपालगंज के भोरे सीट से जदयू की टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की।
चुनाव जीतने के बाद उनको एनडीए गठबंधन वाली बिहार सरकार में मद्य निषेध, उत्पाद व निबंधन मंत्री बनाया गया। जब नीतीश कुमार ने पाला बदल कर महागठबंधन के साथ सरकार बनायी तो उसमें भी सुनील कुमार मद्य निषेध उत्पाद व निबंधन मंत्री बनाये गये।
सुनील कुमार के बड़े भाई अनिल कुमार भी राजनीति में सक्रिय हैं। वह 1985-1990 के बीच कांग्रेस की टिकट पर, 2005 के दोनों चुनाव राजद की टिकट पर, 2015-2020 के बीच कांग्रेस की टिकट पर गोपालगंज के भोरे (एससी) विधानसभा से ही विधायक रह चुके हैं।
अनिल कुमार दो बार राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। वह पहली बार 8 जुलाई 1992 से 7 जुलाई 1998 के बीच और दूसरी बार 8 जुलाई 1998 से 7 जुलाई 2004 के बीच राज्यसभा एमपी रहे।
कैबिनेट विस्तार में ये बने मंत्री
बताते चलें कि कैबिनेट विस्तार में जदयू कोटे से सुनील कुमार, शीला मंडल, अशोक चौधरी, महेश्वर हजारी, जयंत राज, जमा खान, लेसी सिंह, रत्नेश सदा और मदन सहनी मंत्री बनाये गये हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित विजय चौधरी, श्रवण कुमार और बिजेंद्र यादव पहले से ही जदयू कोटे से मंत्री हैं।
वहीं भाजपा कोटे से रेणु देवी, मंगल पांडे, नीतीश मिश्रा, नीरज बबलू, नितीन नवीन, दिलीप जायसवाल, संतोष सिंह, जनक राम, केदार प्रसाद गुप्ता, हरी सहनी, कृष्णनंदन पासवान और सुरेन्द्र मेहता ने शपथ ली। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा सहित प्रेम कुमार पहले से ही भाजपा कोटे से मंत्री हैं।
इस तरह, एनडीए गठबंधन की सरकार में अब भाजपा के 15, जदयू के 13, हम(सेक्यूलर) और निर्दलीय से एक-एक मंत्री हैं।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।