2024 लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मंत्री और वर्तमान में विधान परिषद सदस्य सम्राट चौधरी को बिहार भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वह संजय जायसवाल की जगह लेंगे। सम्राट चौधरी इस समय विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष भी हैं। उनका प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़ कर देखा जा रहा है।
सम्राट चौधरी ने इस एलान के बाद अपने ट्विटर अकाउंट पर वीडियो के माध्यम से भाजपा आलाकमान को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “आदरणीय देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय जे पी नड्डा जी, देश के गृहमंत्री अमित शाह जी और राजनाथ जी और सभी केंद्रीय नेतृत्व को मैं विशेष तौर पर धन्यवाद देता हूँ कि आप ने बिहार में पूरे भाजपा के संगठन को आगे बढ़ाने का जो दायित्व दिया है मैं विश्वास दिलाता हूँ कि बिहार में भाजपा के कार्यकर्ताओं के मान सम्मान के साथ साथ पार्टी को आगे बढ़ाने का काम करूँगा।”
Also Read Story
सम्राट भाजपा से पहले राजद में थे और 1999 में बिहार के कृषि राज्य मंत्री बने थे। 2014 में उन्हें शहरी विकास मंत्री पद दिया गया था। जून 2017 में वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और फरवरी 2021 में पंचायती राज्य मंत्री बनाये गए, लेकिन अगस्त 2022 में जदयू-भाजपा गठबंधन की सरकार ख़त्म होने के साथ उनके पंचायती राज्य मंत्री का कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
खगड़िया जिले के परबत्ता विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके सम्राट चौधरी कुशवाहा समुदाय से आते हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले वह नीतीश कुमार की जदयू और जीतन राम मांझी के ‘हम’ पार्टी से भी जुड़े थे।
जानकारों का मानना है कि भाजपा लोकसभा चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पिछड़े वर्ग जाति के वोटबैंक में सेंध लगाने की तैयारी में है और संजय जायसवाल की जगह सम्राट चौधरी को बिहार की कमान सौंपना इसी कड़ी में उठाया गया एक कदम है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।
