लोकसभा चुनाव-2024 के पहले ही बिहार की सियासत का पारा चढ़ गया है। सत्तारूढ़ महागठबंधन में शामिल राजद और जदयू के बीच तल्खी बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर जन्मशताब्दी के मौके पर परिवारवाद को लेकर बयान दिया, जिसके बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल साइट पर पलटवार किया।
हालांकि, रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखी बात को डिलीट कर दिया। रोहिणी ने एक्स पर बिना किसी के नाम लिए लिखा था कि समाजवादी पुरोधा होने का करता वही दावा है, हवाओं की तरह बदलती जिनकी विचारधारा है।
Also Read Story
उन्होंने आगे लिखा था, “खीज जताए क्या होगा जब हुआ न कोई अपना योग्य। विधि का विधान कौन टाले जब खुद की नीयत में ही हो खोट। अक्सर कुछ लोग नहीं देख पाते हैं अपनी कमियां। लेकिन किसी दूसरे पे कीचड़ उछालने को करते रहते हैं बदतमीजियां।”
माना जा रहा है कि रोहिणी ने एक्स के जरिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। हालांकि, रोहिणी ने कुछ ही घंटे बाद एक्स पर लिखी बातें डिलीट कर दी।
क्या फिर से भाजपा के साथ जायेंगे नीतीश
नीतीश कुमार के फिर से पलटने की चर्चा सियासत में खूब हो रही है। वैसे, नीतीश के लिए यू टर्न कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी नीतीश पलटते रहे हैं। वर्ष 2013 में जदयू ने भाजपा से अपना गठबंधन तोड़ कर राजद और कांग्रेस से हाथ मिला लिया था।
इसके बाद 2017 में जदयू फिर से भाजपा के साथ एनडीए में शामिल हो गई थी तथा 2019 लोकसभा चुनाव और 2020 बिहार विधानसभा चुनाव एनडीए के साथ लड़ी। इसके बाद अगस्त, 2022 में नीतीश कुमार ने फिर से भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए से नाता तोड़ लिया और महागठबंधन के साथ होकर मुख्यमंत्री बन गए।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता केसी त्यागी इस पर साफतौर पर तो कुछ नहीं कहते हैं। लेकिन, उन्होंने इतना जरूर कहा कि इंडिया गठबंधन बनाने में हमारे नेता ने मुख्य भूमिका निभाई है और सीट बंटवारा नहीं होने से सहयोगी दलों में नाराजगी बढ़ रही है।
वहीं, इस पूरे सियासी प्रकरण पर भाजपा के नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार ने परिवारवाद पर निशाना साधा तो राजद परिवार बौखला गया है।
परिवारवाद पर क्या कहा था नीतीश ने
पटना में जदयू द्वारा आयोजित स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के 100वें जन्मदिवस समारोह में बोलते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि कर्पूरी ठाकुर ने कभी भी अपने परिवार के लोगों को राजनीति में नहीं आने दिया।
उन्होंने कहा था, “जननायक कर्पूरी जी अपने किसी परिवार के लिये कुछ करते थे? आजकल के लोग अपने परिवार के लोगों के लिये कितना कुछ करता है। नेता बनाता है”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा था, “आजकल तो बहुत लोग अपने परिवार को ही आगे बढ़ाते रहता है…एक बात और जान लीजिये कि जननायक कर्पूरी ठाकुर जी से सीख कर ही हमने भी अपने किसी परिवार को आजतक आगे नहीं बढ़ाया है। हम और लोगों को बढ़ावा देते हैं।”
मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ी
बिहार का मौसम भले ठंडा हो, लेकिन, सियासत का तापमान पूरा चढ़ा हुआ है। तमाम राजनीतिक हलचल के बीच गुरुवार को दोपहर के बाद मुख्यमंत्री आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई। नीतीश कुमार पार्टी के बड़े नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं।
सीएम आवास में नीतीश कुमार ने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, मंत्री विजय चौधरी, संजय झा और प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा सहित कई वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की है। हालांकि, बैठक में क्या बात हुई, इसकी जानकारी किसी नेता ने मीडिया को नहीं दी।
सम्राट चौधरी दिल्ली रवाना
दूसरी तरफ, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी भी दिल्ली रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के बुलावे पर वे दिल्ली गए हैं और रात को पार्टी के बड़े नेताओं से मिलेंगे।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का परिवारवाद पर दिये बयान से बिहार की सियासत में गर्मी बढ़ गई है। मुख्यमंत्री के बयान के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया साइट पर नीतीश कुमार पर पलटवार किया था।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।