कटिहार में बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता तारकिशोर प्रसाद ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से अपने पिता और दादी की तरह देश का प्रधानमंत्री बनने का प्रयास कर रहे हैं, पर वह बन नहीं पा रहे, यह उनके साथ अन्याय हुआ है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस देश की आज़ादी के बाद से जनता के साथ अन्याय करती आई है। अब उस पार्टी के लोग किस तरह की न्याय चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने राहुल गांधी पर कहा, “उन्हें लगता है कि उन्हें प्रधानमंत्री बनना चाहिए क्योंकि उनकी दादी इंदिरा गांधी और उनके पिता राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने। अब राजीव गांधी के पुत्र राहुल गांधी जी प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। जो वंशवाद उनके यहां चल रहा था, उसमें निश्चित तौर पर उनके साथ अन्याय तो हुआ ही है। इसलिए वह न्याय यात्रा पर निकले हैं कि वह कैसे जल्द से जल्द प्रधानमंत्री बनें।”
Also Read Story
राहुल गांधी को बताया मसखरा
मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान तारकिशोर प्रसाद ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री की दावेदारी वाले सवाल पर उन्हें मस्खरा बताया और कहा कि देशवासियों ने कभी उन्हें गंभीर राजनेता के तौर पर नहीं देखा है। “राहुल गांधी जिस प्रकार से बातें करते हैं और अपना हाव भाव दिखाते हैं तो भारत की जनता उन्हें मसखरे के रूप में लेती है। एक गंभीर राजनेता के तौर पर भारत के लोगों ने उन्हें देखा ही नहीं है।”
आगे उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राहुल गांधी से तुलना नहीं की जा सकती। प्रधानमंत्री मोदी के आने के बाद भारत का रंग रूप बदल गया है। उनकी लोकप्रियता वैश्विक स्तर पर बहुत अधिक है। दूसरे देशों के नेता उनसे ऑटोग्राफ लेते हैं। इससे पहले देश के किसी भी प्रधानमंत्री को ऐसा मान सम्मान नहीं मिला।
राम का मंदिर भारत मे नहीं बनेगा, तो क्या पाकिस्तान में बनेगा?
तारकिशोर प्रसाद ने धारा 370 हटाने और राम मंदिर का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देते हुए कहा, “कभी सोच सकते थे क्या कि धारा 370 हटेगी और जम्मू कश्मीर सामान्य राज्य की तरह भारत गणराज्य का हिस्सा बनेगा। कभी सोच सकते थे क्या कि अयोध्या में रामलला का मंदिर बनेगा, मोदी जी ने वैधानिक तरीके से यह करके दिखाया। मोदी है तो मुमकिन है।”
इसके बाद भाजपा नेता ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर कहा, “राम मंदिर हम लोगों की आस्था का केन्द्र है ना कि किसी राजनीतिक फायदे का हिस्सा। राम मंदिर सांस्कृतिक जागरण का एक केन्द्र है और प्रभु राम का मंदिर भारत मे नहीं बनेगा, अयोध्या में नही बनेगा तो क्या पाकिस्तान में बनेगा? कांग्रेस को हर अच्छी चीज वोट बैंक के रूप में दिखती है।”
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।