बिहार के गोपालगंज में अपराधियों ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लीमीन (AIMIM) नेता अब्दुल सलाम को गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गयी। घटना नगर थाना स्थित तुरकहा के पास घटित हुई है।
पुलिस मामले की जाँच में जुट गयी है। अभी तक हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
Also Read Story
AIMIM के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने घटना को लेकर गहरा दुख जताया है। घटना की पुष्टि करते हुए उन्होंने कहा कि यह बड़े दुख की बात है कि बिहार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि एक नेता की इस तरह गोली मार कर हत्या कर दी जाती है।
अख्तरुल ईमान ने बताया कि अब्दुल सलाम AIMIM के गोपालगंज जिला अध्यक्ष थे। ईमान ने जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह अब्दुल सलाम के परिवार के साथ हैं।
पूर्णिया के अमौर से विधायक ईमान ने कहा कि कुछ महीने पहले AIMIM के सिवान के नेता आरिफ जमाल की भी हत्या कर दी गयी थी। ईमान ने कहा कि AIMIM नेताओं की लगातार हो रही हत्या के पीछे राजनीतिक षड्यंत्र भी हो सकता है।
घटना के संबंध में गोपालगंज पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी किया है। पुलिस की मानें तो घटना करीब 9 बजे रात्री में हुई है। पुलिस ने बताया कि अब्दुल सलाम का इलाज के दौरान सदर अस्पताल गोपालगंज में मृत्यु हो गई।
घटना का सफल उद्भेदन तथा अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। कार्रवाई की जा रही है। प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है। एसआईटी टीम द्वारा छापामारी शुरू कर दी गयी है।
बताते चलें कि अब्दुल सलाम ने 2022 में हुए उप-चुनाव में गोपालगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। चुनाव में उनको हार मिली थी। उस चुनाव में AIMIM उम्मीदवार अब्दुल सलाम ने 12,214 वोट हासिल किए थे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।