पांच बार सांसद रह चुके पप्पू यादव 2024 लोकसभा की तारीखों की घोषणा के चार दिन बाद 20 मार्च को कांग्रेस से जुड़ गए। उन्होंने अपने राजनीतिक संगठन जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) का कांग्रेस में विलय कर दिया, जिससे जाप के कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है।
‘मैं मीडिया’ ने उन कार्यकर्ताओं से बात भी की जिन्होंने कहा कि जाप प्रमुख पप्पू यादव ने उन्हें बिना बताए पार्टी का कांग्रेस में विलय कर दिया, हालांकि पप्पू यादव ने एक इंटरव्यू में कार्यकर्ताओं की नाराजगी को सिरे से खारिज कर दिया है।
Also Read Story
‘क्विंट हिंदी’ को दिए साक्षात्कार में पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता से बात की और सबकी रजामंदी से यह कदम उठाया। अगर कोई कार्यकर्ता ऐसा कह रहा है तो वे पार्टी का कार्यकर्ता है ही नहीं।
“उस वक्त भी ज़ूम पर सब लोग थ, सारे लोग हमें (एयरपोर्ट) छोड़ने आए थे। कौन सा कार्यकर्त्ता आपको बोल दिया, वह कार्यकर्ता नहीं होगा। दुनिया में जो पप्पू यादव के साथ नहीं रह सकता वो अपनी बीवी के साथ भी नहीं रह सकता,” पापु यादव ने क्विंट से कहा।
क्या जाप के अन्य नेता या कार्यकर्ता को कांग्रेस में कोई ज़िम्मेदारी मिलेगी, इस प्रश्न पर उन्होंने कहा, “दिल्ली के सारे कार्यकर्ता कल वहां मौजूद थे। मैंने सूची दे दी है कांग्रेस को। प्रदेश नेतृत्व तय करेगा, मोहन प्रकाश जी तय करेंगे कैसे किसको कहां समायोजित करना है,” पप्पू यादव ने कहा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।