फारबिसगंज अनुमंडल के सिमराहा थाना क्षेत्र स्थित औराही पूरब पंचायत के वार्ड संख्या तीन में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को धारदार हथियार से वार कर मौत के घाट उतार दिया है। मृतका की पहचान कंचन देवी के रूप में हुई है।
मृतका के पिता ने सिमराहा थाने में आवेदन देकर उसके पति समेत घर के कई सदस्यों को हत्या का आरोपी बनाया है। सिमराहा थानाध्यक्ष कुमार विकास व पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच मामले की पड़ताल में जुट गये हैं।
Also Read Story
हत्या के बाद मृतका के पति और उसके परिवार के सभी सदस्य घर से फरार हो गए हैं। इस घटना की खबर गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया तथा लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
घटना के संबंध में सिमराहा पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
फारबिसगंज के डीएसपी खुसरू सिराज ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर मृतका की बेटी व अन्य लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। पूछताछ में मृतका की 6 वर्षीय बेटी शालिनी कुमारी ने बताया कि उनकी मां नहाकर आई थी और सिंदूर लगा रही थी। इसी दौरान उनके पिता श्रवण यादव ने दबिया से गले पर प्रहार कर दिया, जिसके बाद मां के गले से खून निकलने लगा। शालिनी के चीखने और चिल्लाने पर आसपास के लोग वहां पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, 12 साल पहले औराही पूरब के श्रवन कुमार यादव की शादी नरपतगंज थाना क्षेत्र के मिरदौल के जयकुमार यादव की पुत्री कंचन देवी से हिन्दू रीति-रिवाज के साथ हुई थी। दंपति को आठ वर्षीय पुत्र तथा एक छह वर्षीय पुत्री है।
मृतका के पिता ने बताया कि पति-पत्नी के बीच शराब पीने को लेकर बराबर विवाद व मार-पीट होती रहती थी। उन्होंने बताया कि शुरू से ही वह पुत्री के घर का सारा खर्चा उठाते थे। खाने पीने का सारा सामान समय समय पर उनके द्वारा भेजा जाता था।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।