बिहार की सारण लोकसभा सीट पर सोमवार को हुए पांचवें चरण के मतदान के बाद मंगलवार को राजद और भाजपा समर्थकों में हिंसक झड़प हो गई। इस झड़प में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बताया जाता है कि सोमवार को सारण के कुछ मतदान केंद्रों पर हंगामा हुआ था और मारपीट की घटना हुई थी।
Also Read Story
दरअसल, वोटिंग के रोज़ सारण से राजद की उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के एक मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद भाजपा कार्यकर्ता भड़क गए थे। हालांकि, पुलिस ने मामले को निपटाते हुए शांतिपूर्ण चुनाव कराने का दावा किया।
इस मामले में मंगलवार को एक बार फिर विवाद बढ़ गया। छपरा के भिखारी ठाकुर चौक के पास गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को पटना रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजद और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। उसी विवाद में कुछ लोगों ने गोलीबारी की। दो लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिसमें एक की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटनास्थल पर कैंप कर रही है। क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
भाजपा के लोग डरे हुए हैं: रोहिणी आचार्य
मंगलवार को सारण सीट से राजद उम्मीदवार रोहिणी ने आचार्य पीएमसीएच पहुंच कर घायल कार्यकर्ताओं से मुलाक़ात की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग डरे हुए हैं और लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई है, न्याय मिलना चाहिये।
“हमारे तीन कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई है, जिनमें से दो की मौत हो गई है, हमें न्याय चाहिये। ये सब भाजपा वाले गुंडे हैं, उनको सबक़ मिलना चाहिये। उनपर एफआईआर होनी चाहिये। प्रशासन से हमारी मांग है कि इन सब गुंडों को पकड़ कर जेल में डाले। एक कैंडिडेट के तौर पर मुझे अधिकार है हर एक बूथ पर जाने का,” उन्होंने कहा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।