अररिया में दैनिक जागरण के पत्रकार विमल कुमार यादव हत्याकांड के एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक़, गिरफ्तार आरोपी अर्जुन शर्मा का भी आपराधिक इतिहास रहा है। कुल 8 नामज़द अभियुक्तों में से 4 को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है और 2 आरोपी पहले से ही किसी दूसरे मामले में जेल में बंद हैं। अब इस हत्याकांड के सिर्फ एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक़, यह गिरफ्तारी भारत नेपाल सीमा पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। गिरफ्तारी नेपाल बॉडर के जोगबनी स्थित चाणक्य चौक के पास की गई है। गिरफ्तार अर्जुन शर्मा, पत्रकार विमल कुमार यादव के रानीगंज प्रखंड स्थित गांव बेलसरा का ही रहनेवाला है।
Also Read Story
इस गिरफ्तारी में रानीगंज, सिमराहा, भरगामा, फारबिसगंज नरपतगंज और जोगबनी की पुलिस टीम शामिल थी। इस गिरफ्तारी के लिए अररिया एसपी ने एक टीम गठित की थी। फिलहाल अर्जुन शर्मा पुलिस की गिरफ्त में है। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल बाकी बचे एक आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
ज्ञात है कि 18 अगस्त को रानीगंज में दैनिक जागरण के पत्रकार विमल यादव को उनके आवास पर हथियारबंद अपराधियों ने गोली मार दी थी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। इस हत्याकांड में पीड़ित पिता ने 8 लोगों को आरोपी बनाया था।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।