बिहार में पछुआ हवा के कारण मौसम ने अब करवट बदल ली है। बुधवार को पूरे प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को पूर्णिया का न्यून्तम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का न्यून्तम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गयी।
पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बुधवार को राजधानी पटना का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। वहीं, बुधवार को गया का तापमान पूरे प्रदेश में सबसे कम रहा। बुधवार को गया का न्यून्तम तापमान लुढ़क कर 9.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पछुआ, हवा का प्रभाव लगातार बना हुआ है। इसी वजह से तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी गिरावट जारी है। कई इलाकों में अब शाम होते ही कोहरे का असर भी दिखने लगा है।
इधर, पटना में ठंड से बचाव के लिए जिले के चौक-चौराहों पर रैन बसेरा में रहने वाले गरीबों को ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने की व्यवस्था की जा रही है। पटना के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने इलाके में ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने कहा कि अलाव ऐसे स्थानों पर जलाया जाएगा, जहां पर अधिक से अधिक निर्धन और असहाय लोग निवास करते हैं। इसमें धर्मशाला, अस्पताल परिसर, रैन बसेरा, मुसाफिरखाना, रिक्शा व टमटम पड़ाव, चौराहा, रेल व बस स्टेशन आदि शामिल हैं।
(आईएएनएस इनपुट के साथ)
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।