विधान परिषद की आठ सीटों पर उपचुनाव के ऐलान के बाद मोकामा के बाहुबली नेता व जदयू विधायक अनंत सिंह लगातार पटना क्षेत्र से जदयू विधान पार्षद नीरज कुमार के ख़िलाफ़ खुलेआम मोर्चा खोले हुए थे। इस बीच उन्होंने पूर्व सीएम नीतीश कुमार के सत्ता संघर्ष में अपनी भूमिका की चर्चा करते हुए हत्याएं करने की भी बात कह दी थी, जिससे पार्टी को खासी शर्मिंदगी उठानी पड़ी। अनंत सिंह के इस नये तेवर पर जदयू ने कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है।
24 अक्टूबर को पार्टी ने एक आदेश जारी कर कहा, “कुछ दिनों से लगातार पार्टी के निर्देशों की अवहेलना करने, शीर्ष नेतृत्व के लिए अमर्यादित व अपमानजनक भाषा का प्रयाग करने तथा अभी अभी सम्पन्न हुए विधान परिषद चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार के विरुद्ध कार्य करने और एक दूसरे दल के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के कारण अनंत सिंह की पार्टी की प्राथमिक सदस्यता को तत्काल प्रभाव से रद्द करते हुए उन्हें छह वर्षों के लिए जनता दल (यूनाइटेड) से निष्कासित किया जाता है।”
Also Read Story
पार्टी ने न केवल उन्हें संगठन से बाहर का रास्ता दिखाया है बल्कि एक क़दम आगे बढ़ते हुए विधानसभा अध्यक्ष से उनकी सदस्यता रद्द करने की भी सिफारिश की है। अनंत सिंह की पत्नी व पूर्व विधायक नीलम देवी को भी जदयू ने पार्टी से बाहर किया है।
लेकिन, अनंत सिंह को न तो अपने किये पर और न ही पार्टी की कार्रवाई पर कोई पश्चाताप है। रविवार को जब मीडिया ने उनसे प्रतिक्रिया मांगी, तो अनंत सिंह ने पार्टी पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, “जेडीयू खत्म है। चुनाव आएगा ही न… पता लग जाएगा।” उन्होंने आगे कहा कि जदयू को अब 10 सीट भी आ जाए तो बहुत है।
पूर्व में इस तरह की कार्रवाइयों पर वह पार्टी बदल लिया करते थे, लेकिन इस बार उन्होंने कहा है कि वह अपनी अलग पार्टी बनाएंगे।
यहां यह भी बता दें कि नीरज कुमार की दोबारा उम्मीदवारी के साथ ही अनंत सिंह ने बागी तेवर दिखाना शुरू कर दिया था, लेकिन फिर भी जदयू का शीर्ष नेतृत्व इस पर चुप्पी साधे था। जदयू सूत्रों का कहना है कि चुनाव से पहले कड़ी कार्रवाई किये जाने से वह ज्यादा डैमेज कर सकते थे, इसलिए वोटिंग तक इंतज़ार करना पड़ा। संभवतः वोटिंग में पार्टी को ये संकेत मिल गया होगा कि नीरज कुमार जीतने की स्थिति में हैं, इसलिए वोटिंग के तुरंत बाद कार्रवाई की गई। 28 अक्टूबर को उपचुनाव का परिणाम आया, जिसमें नीरज कुमार ने जीत दर्ज कर ली जबकि अनंत सिंह समर्थित जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह तीसरे नंबर पर रहे। अनंत सिंह ने इस परिणाम पर कहा, “हम हार गये हैं। जनता ही मालिक है, भगवान है, जिसे वोट दिया वो जीता। जिसे नहीं दिया वो हारा।”
अनंत सिंह का उभार
अनंत सिंह उन नेताओं में एक है, जिसने अपराध और बाहुबल के ज़रिए राजनीति में अपनी जगह बनाई। चूंकि ऐसे नेताओं के साथ समर्थकों की एक भीड़ होती है, तो किसी भी पार्टी के लिए ये स्वीकार्य होते हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह पर 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बिहार की राजनीति में अनंत सिंह का पदार्पण उनके बड़े भाई दिलीप सिंह की अंगुली पकड़ कर हुआ था, जो ख़ुद मोकामा के बाहुबली और राबड़ी देवी सरकार में मंत्री थे। बताया जाता है कि जब नीतीश कुमार सत्ता के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब दिलीप सिंह ने अनंत सिंह को 2004 के लोकसभा चुनाव में बाढ़ लोकसभा सीट से नीतीश कुमार को जिताने के लिए राजनीति में उतारा था। उस लोकसभा चुनाव में नीतीश कुमार ने दो सीटों बाढ़ (जो अब मुंगेर सीट है) और नालंदा से चुनाव लड़ा था। अनंत सिंह चूंकि बाढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं, इसलिए दिलीप सिंह ने उन्हें बाढ़ इलाके के भूमिहार वोटरों को नीतीश कुमार के पक्ष में करने में लगा दिया था। उसी चुनाव में अनंत सिंह ने नीतीश कुमार को चांदी के सिक्कों से तौलवा दिया था। उसी चुनाव के प्रचार के दौरान की एक तस्वीर अब भी गाहे ब गाहे वायरल हो जाती है जिसमें नीतीश कुमार, अनंत सिंह का हाथ जोड़कर अभिवादन कर रहे हैं।
उस चुनाव में नीतीश कुमार, नालंदा से जीते मगर बाढ़ सीट से हार गये। लोकसभा चुनाव के साथ ही अनंत सिंह राजनीति में प्रवेश कर गये। फ़रवरी 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार ने उन्हें मोकामा विधानसभा सीट से टिकट दे दिया; इस सीट से 1990 और 1995 में दिलीप सिंह जनता दल के टिकट पर चुनाव जीत चुके थे। साल 2000 के चुनाव में वह राजद के टिकट पर चुनाव में उतरे लेकिन निर्दलीय सुरजभान सिंह के हाथों उन्हें हार मिली थी। फ़रवरी 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव में अनंत सिंह ने जीत दर्ज की। जदयू के टिकट पर ही उन्होंने अक्टूबर 2005 और साल 2010 का चुनाव भी जीता।
आर्म्स केस, जिसने अनंत सिंह को दोबारा जदयू के क़रीब लाया
साल 2015 में उनके रिश्ते जदयू के साथ तब ख़राब हो गये, जब उन्हें अपहरण और हत्या के एक मामले में जून 2015 में गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के साथ ही उनके कुछ पुराने केसों को भी खोला गया था, जो अब तक दबे हुए थे। ये वही साल था, जब जदयू ने भाजपा से नाराज़ होकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन कर लिया था। अनंत सिंह का आरोप था कि लालू प्रसाद यादव के दबाव में नीतीश कुमार ने उन पर कार्रवाई की है। लालू प्रसाद यादव ने अनंत सिंह पर कार्रवाई के लिए नीतीश कुमार की सार्वजनिक प्रशंसा की थी। वहीं, कार्रवाई से नाराज़ होकर अनंत सिंह ने सितंबर में जदयू छोड़ दिया।
साल 2015 का विधानसभा चुनाव उन्होंने निर्दलीय लड़ा और जीत दर्ज की। जदयू ने इस सीट से उसी नीरज कुमार को उतारा था, जिसे एमएलसी उपचुनाव में हराने के लिए अनंत सिंह ने एड़ी चोटी का ज़ोर लगा दिया।
साल 2019 से नीतीश सरकार ने अनंत सिंह की नकेल कसनी शुरू की। साल 2019 में पुलिस ने उनके बाढ़ स्थित मकान से एके-47 व गोलियां बरामद कीं। फिर एटीएस को ख़बर दी गई एटीएस ने मकान से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किये थे।
इस बीच, साल 2020 का चुनाव भी उन्होंने बतौर निर्दलीय लड़ा और जीत हासिल की। उधर, आर्म्स एक्ट का केस भी चलता रहा। साल 2022 में एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें हथियार रिकवरी केस में 10 साल की सजा सुनाई। इस सजा के चलते उनकी विधायकी चली गई। अनंत सिंह अपनी राजनीति का पटाक्षेप मान कर अपनी पत्नी नीलम देवी को राजनीति में उतार दिया। नीलम देवी राजद में शामिल हो गई। साल 2022 में जब मोकामा सीट से उपचुनाव हुआ तो राजद ने नीलम देवी को टिकट दिया और वह चुनाव जीत गईं।
फिर आया साल फरवरी 2024। जदयू ने राजद से गठबंधन खत्म कर लिया और भाजपा के साथ चला गया। विधानसभा में एनडीए के पास नंबर कम थे, तो राजद के कई विधायकों को तोड़ा गया। इनमें एक नीलम देवी भी थीं। जोड़-तोड़ से एनडीए ने बहुमत हासिल कर लिया। नीलम देवी औपचारिक तौर पर जदयू में शामिल हो गईं। इस घटनाक्रम के महज़ पाँच महीने बाद ही अनंत सिंह को इसका ईनाम मिल गया। पटना हाईकोर्ट ने सबूत के अभाव का हवाला देते हुए आर्म्स एक्ट में अनंत सिंह को बरी कर दिया। अनंत सिंह जेल से बाहर आये और जदयू में शामिल हो गये। साल 2025 में उन्हें पार्टी ने मोकामा से टिकट दिया। चुनाव प्रचार के दौरान मोकामा में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के करीबी दुलारचंद यादव की हत्या हो गई, जिसमें अनंत सिंह आरोपी बनाये गये और जेल गये। जेल में रहते हुए उन्होंने चुनाव में जीत दर्ज कर ली। इसके बाद कई बार जेल से ज़मानत पर बाहर आये।
अब जब वह फिर एक बार जदयू के शीर्ष नेतृत्व के निशाने पर हैं, तो संभव है कि पुराने मामलों को फिर से खोला जाए। उन्हें पार्टी से निष्कासित करने और विधानसभा की सदस्यता रद्द करने की सिफारिश के बाद अब उन्हें सरकारी आवास खाली कराने का फ़रमान भी मिल गया है। हो सकता है कि कल को जिस आर्म्स केस में वह बरी हो चुके हैं, वो भी खुल जाए। दुलारचंद यादव की हत्या, जिसमें अनंत सिंह आरोपी हैं, की जाँच में भी तेजी आ जाए।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















