बिहार के गोपालगंज संसदीय क्षेत्र में लोकसभा चुनाव-2024 के छठे चरण में मतदान होने जा रहा है। इस चरण में गोपालगंज समेत बिहार की आठ लोकसभा सीटों पर शनिवार (25 मई) को मतदान होगा। गोपालगंज सीट पर एनडीए गठबंधन की तरफ से जदयू के टिकट पर डॉ. आलोक कुमार सुमन और इंडिया गठबंधन की तरफ से विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर चंचल पासवान मैदान में हैं।
सिटिंग सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन पर जदयू ने फिर एक बार भरोसा जताया है। वहीं, वीआईपी ने भाजपा अनुसूचित जनजाति इकाई के जिलाध्यक्ष रह चुके सुदामा मांझी के पुत्र चंचल पासवान को टिकट देकर गोपालगंज सीट पर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
पिछले तीन लोकसभा चुनावों से इस सीट पर एनडीए का क़ब्ज़ा रहा है, जिसमें 2009 और 2019 में जदयू ने और 2014 में भाजपा ने बाज़ी मारी है।
राजद ने आख़िरी बार 2004 में इस सीट पर जीत दर्ज की थी। लोकसभा चुनाव-2024 के लिये इंडिया गठबंधन में यह सीट राजद के हिस्से में आई थी। लेकिन, राजद ने अपने खाते से तीन सीट मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी को दी है, जिसमें गोपालगंज सीट भी शामिल है।
गोपालगंज सीट के बारे में
गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से एक सीट है। यह एक अनुसूचित जाति (एससी) आरक्षित सीट है। गोपालगंज में 20 लाख से अधिक वोटर हैं, जिनमें पुरुष वोटरों की तादाद दस लाख से अधिक और महिला वोटरों की तादाद तक़रीबन दस लाख है।
गोपालगंज संसदीय क्षेत्र छह विधानसभा सीटों से मिलकर बना है – बैकुंठपुर, बरौली, गोपालगंज, कुचायकोट, भोरे और हथुआ। इनमें दो-दो सीटों पर भाजपा, जदयू और राजद के एमएलए हैं।
01.01.2024 को प्रस्तावित फाइनल रोल में वोटरों की संख्या | |||||
No. | Assembly Name | Male | Female | Third Gender | Total Voters |
99 | Baikunthpur | 171115 | 164611 | 11 | 335737 |
100 | Barauli | 159670 | 155207 | 15 | 314892 |
101 | Gopalganj | 173929 | 170954 | 7 | 344890 |
102 | Kuchaikote | 169311 | 162457 | 27 | 331795 |
103 | Bhorey (SC) | 183726 | 178752 | 13 | 362491 |
104 | Hathua | 162882 | 157988 | 7 | 320877 |
गोपालगंज लोकसभा क्षेत्र में कुल वोटर | 2010682 |
बैकुंठपुर से राजद के प्रेम शंकर प्रसाद, बरौली से भाजपा के रामप्रवेश राय, गोपालगंज से भाजपा की कुसुम देवी, कुचायकोट से जदयू के अमरेन्द्र कुमार पाण्डेय, भोरे से जदयू के सुनील कुमार और हथुआ से राजद के राजेश कुमार सिंह अभी विधायक हैं।
कौन-कौन रहे गोपालगंज के सांसद
1957 में पहली बार गोपालगंज लोकसभा सीट पर चुनाव हुआ था। उस चुनाव में कांग्रेस के डॉ. सैयद महमूद सांसद चुने गये थे। 1962-1980 तक द्वारका नाथ तिवारी यहां के सांसद रहे। 1980 में कांग्रेस (आई) के नगीना राय तथा 1984 में निर्दलीय काली प्रसाद पाण्डेय गोपालगंज से सांसद के तौर पर निर्वाचित हुए।
इसी प्रकार, 1989 में जनता दल के राजमंगल पाण्डेय, 1991 में अब्दुल ग़फ़ूर, 1996 में लालबाबू प्रसाद यादव, 1998 में समता पार्टी के टिकट पर अब्दुल ग़फ़ूर, 1999 में जदयू के रघुनाथ झा, 2004 में राजद के अनिरुद्ध प्रसाद उर्फ साधु यादव, 2009 में जदयू के पूर्णमासी राम, 2014 में भाजपा के जनक राम और 2019 में जदयू के डॉ. आलोक कुमार सुमन गोपालगंज के एमपी चुने गये।
2020 का विधानसभा चुनाव
2020 के विधानसभा चुनाव में गोपालगंज संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक वोट एनडीए गठबंधन को प्राप्त हुए थे। वहीं, महागठबंधन दूसरे नंबर पर रहा था। एनडीए को 4,21,071 और महागठबंधन को 3,86,133 वोट हासिल हुए थे। लोक जनशक्ति पार्टी को मात्र 16,640 वोट मिले थे।
Constituency | RJD+ | BJP+ | LJP |
Baikunthpur | 67807 | 56694 | — |
Barauli | 67801 | 81956 | — |
Gopalganj | 36460 | 77791 | — |
Kuchaikote | 53729 | 74359 | 2226 |
Bhorey | 73605 | 74067 | 4520 |
Hathua | 86731 | 56204 | 9894 |
Total | 386133 | 421071 | 16640 |
2019 का लोकसभा चुनाव
2019 के लोकसभा चुनाव में गोपालगंज सीट पर जदयू के डॉ. आलोक कुमार सुमन और राजद के सुरेन्द्र राम में टक्कर हुई थी, जिसमें आलोक कुमार सुमन ने एकतरफा मुक़ाबले में सुरेन्द्र राम को 2,86,434 मतों से पराजित किया था।
चुनाव में आलोक कुमार सुमन ने 5,68,150 और सुरेन्द्र राम ने 2,81,716 वोट प्राप्त किया था। बसपा के कुणाल किशोर विवेक 36,016 वोट लाकर तीसरे स्थान पर रहे थे।
विधानसभा क्षेत्रों में मिले वोट
2019 के आम चुनाव में गोपालगंज संसदीय क्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में जदयू उम्मीदवार ने बढ़त ली थी। वहीं, राजद के उम्मीदवार सभी विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे नंबर पर रहे थे।
बैंकुंठपुर में जदयू को 93,600 और राजद को 46,302 वोट हासिल हुए। इसी प्रकार, बरौली में जदयू 84,552 वोट तथा राजद 52,164 वोट लाने में सफल रहे।
Also Read Story
गोपालगंज में जदयू को 93,297 मत, राजद को 52,697, कुचायकोट में जदयू को 1,02,847, राजद को 35,746, भोरे में जदयू को 97,271, राजद को 44,385, हथुआ में जदयू को 90,857 और राजद को 47,312 वोट मिले थे।
जदयू उम्मीदवार आलोक कुमार सुमन
गोपालगंज से जदयू के 67 वर्षीय उम्मीदवार डॉ. आलोक कुमार सुमन के ख़िलाफ़ कोई भी आपराधिक मुक़दमा दर्ज नहीं है। उन्होंने पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल से एमबीबीएस किया है। उनकी कुल संपत्ति की क़ीमत तक़रीबन 2 करोड़ रुपये है। उनके ऊपर लगभग 9 लाख रुपये का क़र्ज़ है। उनकी पत्नी के पास 75 लाख रुपये की संपत्ति है।
वह पेशे से एक डॉक्टर थे। वह 1990-2008 के बीच बिहार में चिकित्सा पदाधिकारी के तौर पर कार्यरत रहे। 2008-2010 तक वह चीफ मेडिकल ऑफिसर भी रहे।
रिटायरमेंट के बाद उन्होंने राजनीति में क़दम रखा। 2019 में वह पहली बार लोकसभा चुनाव लड़े और जीत हासिल की।
इंडिया गठबंधन के चंचल पासवान
गोपालगंज सीट पर इंडिया गठबंधन की तरफ से विकासशील इंसान पार्टी के टिकट पर प्रेमनाथ चंचल उर्फ चंचल पासवान लड़ रहे हैं। उनके पिता भजपा अनुसूचित जनजाति इकाई के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका यह पहला लोकसभा चुनाव है। चंचल पासवान का शुमार गोपालगजं के बड़े व्यापारियों में होता है।
36 वर्षीय प्रेमनाथ चंचल के ख़िलाफ़ एक आपराधिक मुक़दमा दर्ज है, जो ज़मीन विवाद से जुड़ा है। उन्होंने छपरा स्थित जयप्रकाश यूनिवर्सिटी से एमएससी किया है। उनकी कुल संपत्ति की क़ीमत डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने विभिन्न बैंकों से तीस लाख रुपये का लोन ले रखा है। उनकी पत्नी के पास क़रीब 16 लाख रुपये है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।