बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार के मंत्रिमंडल का बुधवार को विस्तार किया गया। लंबे समय से भाजपा कोटे से सात लोगों को मंत्री बनाये जाने का अनुमान था। बुधवार सुबह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल के मंत्रीपद से इस्तीफे के बाद इसकी चर्चाएं तेज़ हो गयी थीं।
शाम होते-होते भाजपा के संजय सरावगी, डॉ सुनील कुमार, जीवेश मिश्रा, राजू सिंह, मंटू पटेल, मोतीलाल प्रसाद और विजय मंडल ने मंत्रीपद की शपथ ली।
Also Read Story
डॉ. दिलीप जायसवाल सीमांचल क्षेत्र से आते हैं, इसलिए तय माना जा रहा था कि उनकी जगह सीमांचल के किसी अन्य विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है।
विजय कुमार मंडल अररिया ज़िले के सिकटी से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। इससे पहले वे तीन बार अररिया सदर के विधायक रह चुके हैं।
1995 में पहली बार वह भारतीय प्रगतिशील पार्टी से अररिया के विधायक बने थे। फिर 2000 में निर्दलीय अपनी सीट बचाने में कामयाब हुए।
फ़रवरी 2005 में राजद के टिकट पर उन्होंने चुनाव लड़ा, लेकिन बुरी तरह हार गए। अक्टूबर 2005 में वापस निर्दलीय चुनाव लड़े, लेकिन तीसरा स्थान मिला। इन दोनों चुनावों में भाजपा के प्रदीप सिंह ने उन्हें हराया था।
अररिया लोकसभा सीट 2009 में आरक्षित से सामान्य हुई और भाजपा के प्रदीप सिंह लोकसभा पहुंच गए, तो अररिया विधानसभा उपचुनाव में लोजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे विजय वापस विधायक बने।
लेकिन, 2010 में उन्होंने अपनी सीट बदली और अररिया की ही सिकटी सीट से चुनाव लड़ा। सिकटी में उनकी जाति का वोट अधिक है। 2010 में उनकी हार हुई। 2014 में जदयू में शामिल होकर अररिया लोकसभा क्षेत्र से क़िस्मत आजमायी। भाजपा के प्रदीप और जदयू के विजय बीच हुए वोट बंटवारे में राजद के तस्लीमुद्दीन ने बाजी मार ली।
उसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गए और 2015, फिर 2020 में सिकटी के विधायक बने।
वर्ष | क्षेत्र | पार्टी | वोट | परिणाम |
1995 | अररिया विधानसभा | भारतीय प्रगतिशील पार्टी | 23,061 | जीते |
2000 | अररिया विधानसभा | निर्दलीय | 21,698 | जीते |
फ़रवरी 2005 | अररिया विधानसभा | राजद | 26,276 | तीसरा स्थान |
अक्टूबर 2005 | अररिया विधानसभा | निर्दलीय | 23,146 | तीसरा स्थान |
2009 उपचुनाव | अररिया विधानसभा | लोजपा | 50,568 | जीते |
2010 | सिकटी विधानसभा | लोजपा | 32,202 | दूसरा स्थान |
2014 | अररिया लोकसभा | जदयू | 2,21,769 | तीसरा स्थान |
2015 | सिकटी विधानसभा | भाजपा | 76,995 | जीते |
2020 | सिकटी विधानसभा | भाजपा | 84,128 | जीते |
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।