दुबई में नौकरी के नाम पर फंसे किशनगंज और पूर्णिया के सात युवकों की कहानी सामने आने के करीब दो महीने बाद इस मामले में ट्रैवल एजेंट और एआईएमआईएम नेता को गिरफ्तार किया गया है। दोनों की पहचान पूर्णिया जिले के रौटा थाना निवासी हाजी नाहिद गनी और अनगढ़ थाना निवासी मोहम्मद तबरेज़ के रूप में हुई है। दोनों को किशनगंज पुलिस ने बिहार STF के सहयोग से पटना से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कुछ मामलों में युवाओं को अवैध तरीके से विदेश भेजने में शामिल थे।
17 अक्टूबर को पुलिस की तरफ़ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, किशनगंज पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को 16 अक्टूबर को पटना से गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ किशनगंज और पूर्णिया जिले के विभिन्न थानों में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और अवैध तरीके से विदेश भेजने से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
Also Read Story
‘मैं मीडिया’ ने दिखाई थी दुबई में फंसे युवकों की कहानी
ग़ौरतलब हो कि इसी वर्ष 29 अगस्त को ‘मैं मीडिया’ ने सीमांचल के सात युवकों के दुबई में फंसने की ग्राउंड रिपोर्ट प्रकाशित की थी। “Ground Report: नौकरी के लिए दुबई गए सीमांचल के 7 युवक कैसे फंसे?” शीर्षक से प्रकाशित उस रिपोर्ट में परिजनों और युवकों ने आरोप लगाया था कि वादे के मुताबिक नौकरी नहीं मिलने और कम वेतन पर काम करने की मजबूरी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके परिजनों का आरोप था कि रौटा बाजार के ट्रैवल एजेंट हाजी नाहिद गनी ने उन्हें अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। परिजनों और युवकों के मुताबिक, उन्हें मोजा फैक्ट्री में काम दिलाने की बात कही गई थी, लेकिन दुबई पहुंचने पर उन्हें दूसरी कंपनी में काम करने को कहा गया। काम की प्रकृति और वेतन को लेकर असहमति के बाद युवकों ने काम करने से इनकार कर दिया। एआईएमआईएम पार्टी से जुड़े नाहिद गनी ने ‘मैं मीडिया’ से बातचीत में आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि मामले को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है । उनका कहना था कि युवकों ने दूसरी कंपनी में काम करने के लिए अधिक पैसे मिलने के लालच में नौकरी छोड़ी थी। बाद में उन्होंने युवकों की भारत वापसी के लिए टिकट उपलब्ध कराने की जानकारी दी थी। युवकों ने टिकट और पासपोर्ट लौटाए जाने की पुष्टि भी की थी जिसके बाद सभी युवक अपने घर लौट आए थे।
डंकी रूट से विदेश भेजने का आरोप
किशनगंज पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी हाजी नाहिद गनी Haji Nahid Gani Private Limited और मोहम्मद तबरेज़ Taiba International Tour & Travels नामक कंपनी चलाते हैं। पुलिस का आरोप है कि इन कंपनियों के माध्यम से सीमांचल के बेरोजगार युवाओं को दुबई, सऊदी अरब, थाईलैंड और मलेशिया में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया जाता था और उनके परिवारों से विदेश में रोजगार दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूली जाती थी।
आरोप है कि कुछ मामलों में युवाओं को वैध प्रक्रिया के बजाय कथित तौर पर अवैध प्रवासी मार्ग यानी ‘डंकी रूट’ से विदेश भेजा गया। पुलिस की जांच में मलेशिया में रहने वाले एक कथित पाकिस्तानी एजेंट की भूमिका भी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, विदेश पहुंचने के बाद कुछ युवाओं को कथित तौर पर उनकी सहमति और वादे के विपरीत काम करने के लिए मजबूर किया गया। कुछ मामलों में बंधुआ मजदूरी जैसे हालात और भारत लौटने के लिए अतिरिक्त रकम वसूलने के आरोप भी लगाए गए हैं।
किशनगंज पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में विशनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य मामले का भी जिक्र है। शिकायतकर्ता मोहम्मद सुलेमान ने आरोप लगाया कि उनके बेटे नूरज़फ़र को विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 1 लाख 80 हजार रुपये वसूले गए।
नूरज़फ़र को 9 सितंबर 2026 को पटना से दिल्ली और फिर थाईलैंड के क्राबी भेजा गया। इसके बाद 18 सितंबर को उसे कथित डंकी रूट के जरिए मलेशिया पहुंचाया गया। मलेशिया में एक कथित पाकिस्तानी एजेंट ने नूरज़फ़र और अन्य युवकों को अपने नियंत्रण में लिया। इसके बाद मलेशिया के सेनाई शहर स्थित Bioclean Sdn Bhd में काम पर लगाए जाने की बात सामने आई।
मलेशियाई आव्रजन विभाग की कार्रवाई के दौरान कई युवकों को गिरफ्तार किया गया। इनमें से एक नूरज़फ़र कथित तौर पर जंगल में छिपकर गिरफ्तारी से बचा और बाद में एक स्थानीय एजेंट के माध्यम से भारत लौट आया।
किशनगंज पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में हाजी नाहिद गनी के खिलाफ कोचाधामन, बहादुरगंज और विशनपुर थानों में दर्ज सात मामलों के अलावा पूर्णिया के रौटा थाने के तीन मामलों का भी जिक्र है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ के साथ उनके अन्य संपर्कों, कथित विदेशी एजेंटों और संबंधित गतिविधियों की जांच की जा रही है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















