बिहार में शिक्षक बहाली (TRE-4) को लेकर प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है। राज्य के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में बताया कि TRE-4 के लिए 27 जुलाई को अधियाचना माननीय मुख्यमंत्री को भेज दी गई है। मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) द्वारा विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्होंने जुलाई के अंत तक TRE-4 को लेकर खुशखबरी देने का वादा किया था, जिसे पूरा कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों का रोस्टर क्लियर करने और स्कूलों की मैपिंग पूरी करने के बाद ही अधियाचना तैयार कर मुख्यमंत्री को भेजी गई है।
Also Read Story
20000 से ज्यादा होगी सीटों की संख्या
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने अगले पाँच वर्षों में एक लाख शिक्षकों की बहाली का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रारंभिक स्तर पर लगभग 20,000 पदों की चर्चा थी, लेकिन शिक्षा विभाग ने इससे अधिक पदों की अधियाचना भेजी है। हालांकि अंतिम पदों की संख्या क्या होगी, इसकी आधिकारिक घोषणा स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे।
शिक्षा मंत्री के अनुसार, प्राथमिक विद्यालयों में पहले से पर्याप्त संख्या में शिक्षक होने के बावजूद वहां भी कुछ पदों पर बहाली की जाएगी। वहीं कक्षा 5 से ऊपर के विद्यालयों में अधिक संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही अधियाचना BPSC को भेज दी जाएगी और आयोग अगस्त महीने में TRE-4 का विज्ञापन जारी कर सकता है।
अंत में शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और पूरी लगन के साथ अपनी परीक्षा की तैयारी जारी रखें। उन्होंने भरोसा जताया कि अभ्यर्थियों का बेहतर भविष्य उनका इंतजार कर रहा है। TRE-4 से संबंधित अंतिम और औपचारिक घोषणा मुख्यमंत्री द्वारा की जाएगी।
माननीय शिक्षा मंत्री श्री मिथिलेश तिवारी जी ने सोमवार की देर शाम माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी से मुलाकात कर शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।#bihareducationdept pic.twitter.com/QaQyEP7tNb
— Education Department, Bihar (@BiharEducation_) July 28, 2026
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















