बिहार में शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। शिक्षा विभाग ने टीआरई-4 (Teacher Recruitment Examination-4) के तहत 32,388 शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है। इसके साथ ही राज्य में चौथे चरण की शिक्षक बहाली प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। यह जानकारी खुद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से दी है।
सरकार का कहना है कि यह भर्ती राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और युवाओं को रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अधियाचना मिलने के बाद अब बीपीएससी जल्द ही भर्ती प्रक्रिया से संबंधित अधिसूचना जारी कर सकता है।
Also Read Story
किस कक्षा में कितने पद?
शिक्षा विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार विभिन्न स्तरों पर शिक्षकों के कुल 32,388 पद भरे जाएंगे।
कक्षा पदों की संख्या
कक्षा 1 से 5 – 3,847
कक्षा 6 से 8 – 8,563
कक्षा 9 से 10 – 3,877
कक्षा 11 से 12 – 16,101
कुल पद: 32,388
सबसे अधिक 16,101 पद उच्च माध्यमिक (कक्षा 11-12) स्तर के लिए प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि मध्य विद्यालय स्तर (कक्षा 6-8) के लिए भी बड़ी संख्या में रिक्तियां भेजी गई हैं।
टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 के बाद अभ्यर्थी लंबे समय से चौथे चरण की भर्ती का इंतजार कर रहे थे। हाल के दिनों में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने विधानसभा में संकेत दिया था कि जुलाई के अंतिम सप्ताह तक शिक्षक भर्ती का प्रस्ताव बीपीएससी को भेज दिया जाएगा। अब अधियाचना भेजे जाने के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है।
जल्द जारी हो सकती है अधिसूचना
अधियाचना प्राप्त होने के बाद अब बिहार लोक सेवा आयोग विषयवार पदों, आरक्षण रोस्टर, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम को अंतिम रूप देगा। इसके बाद TRE-4 भर्ती की आधिकारिक अधिसूचना जारी की जाएगी।
हालांकि आवेदन शुरू होने की तिथि और परीक्षा कार्यक्रम को लेकर अभी आयोग की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई नियुक्तियों से राज्य के प्राथमिक, मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी। विशेष रूप से उच्च माध्यमिक विद्यालयों में बड़ी संख्या में रिक्त पदों को भरने से पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार होने की उम्मीद है और यह युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर है।
सरकार ने कहा है कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और बिहार की शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। TRE-4 भर्ती उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















