बिहार के पूर्णिया स्थित ध्रुव पार्क में करोड़ों रुपये की लागत से सौन्दर्यीकरण कार्य होगा। रविवार को ध्रुव पार्क में आयोजित 75वें वन महोत्सव के अवसर पर बिहार सरकार के पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉक्टर प्रेम कुमार ने 1 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
डॉक्टर प्रेम कुमार ने पार्क में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्णिया आने पर महसूस होता है कि वह दार्जिलिंग आ गए हैं, इसलिए पूर्णिया को मिनी दार्जिलिंग कहा जाता है। उन्होंने कहा कि पूर्णिया के सार्वजनिक पटल पर ध्रुव पार्क की एक अलग पहचान है।
Also Read Story
बताते चलें कि करीब 9 एकड़ में फैला यह पार्क आम जनता के बीच आकर्षण का केन्द्र है। सुबह टहलने वालों के लिए यह एक हरित वन की तरह है। लोग समय-समय पर पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग करते रहे हैं, जिसे लेकर पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका ने विभाग के सामने इस पार्क के सौन्दर्यीकरण की मांग रखी थी।
पर्यावरण वन व जलवायु परिवर्तन विभाग के पूर्णिया वन प्रमंडल द्वारा सौंदर्यीकरण का कार्य दो चरणों में संपन्न होगा।
मंत्री प्रेम कुमार ने बताया कि प्रथम चरण के तहत कार्य वर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में संपन्न होगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में बच्चों के लिए चिल्ड्रेन पार्क का निर्माण होगा, जिसमें बच्चों के खेलने के लिए झूला, फिसलन इत्यादि का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा व्यायाम के लिए खुला जिम का निर्माण होगा। ध्रुव उद्यान आने वाले लोगों के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था व कैटीन का निर्माण किया जाएगा। पार्क के मध्य स्थित तालाब का जीर्णोद्धार कर उसमें पर्यटकों के लिए बोटिंग की व्यवस्था कराई जाएगी। पार्क में दिव्यांगों के लिए रैंप की सुविधा का निर्माण भी प्रथम चरण में किया जाएगा।
द्वितीय चरण अन्तर्गत कार्य अगले वितीय वर्ष 2025-26 में किया जाएगा। द्वितीय चरण में पार्क में कार्यरत मजदूरों की सुविधा के लिए सिटिंग शेड का निर्माण, शौचालय का सुदृढ़ीकरण व पाथ वे की मरम्मत की जाएगी। इसके अतिरिक्त पार्क में बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरा व स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी दूसरे चरण में प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका, डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर राजीव रंजन, बीजेपी जिलाध्यक्ष राकेश कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रफुल रंजन वर्मा, उपाध्यक्ष अनंत भारती, रजेश रंजन, अंगद मंडल, युवा मोर्चा के ज़िला अध्यक्ष रवि गुप्ता सहित वन विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















