जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर आंकड़े इतने आत्मविश्वास के साथ पेश करते हैं कि सामने वाले लोग अक्सर उन्हें चुनौती तक नहीं देते। इन दिनों वे दावा कर रहे हैं कि जन सुराज ने 34 मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं।
राजद महागठबंधन में चुनाव लड़ रहा है और जन सुराज अकेले। राजद, कांग्रेस, भाकपा माले सहित कुल सात पार्टियों के महागठबंधन की ओर से बिहार चुनाव 2025 में 31 मुसलमान उम्मीदवार उतारे गये हैं। वहीं जन सुराज पार्टी 30 मुसलमानों को चुनाव लड़वा रही है। टिकट इन्होंने भी 31 मुसलमानों को दिया था, लेकिन सीतामढ़ी से उनके उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। ये आंकड़े चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर एक-एक विधानसभा से चुनाव लड़ रहे सभी उम्मीदवारों की लिस्ट बना कर हमने तैयार किया है। इसलिए प्रशांत किशोर का आंकड़ा गलत है।
Also Read Story
महागठबंधन के 31 मुस्लिम उम्मीदवारों में से 19 राजद के, 10 कांग्रेस के और 2 भाकपा माले के हैं। हालांकि, इनमें से दो सीटें ऐसी भी हैं जहाँ महागठबंधन के दो-दो प्रत्याशी हैं। दरभंगा के गौरा बौराम से राजद के अफ़ज़ल अली खान के सामने VIP के संतोष साहनी हैं और बिहार शरीफ में कांग्रेस के ओमैर खान के सामने CPI के शिव कुमार यादव हैं।
दूसरी तरफ NDA की तरफ से सिर्फ पांच मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में हैं। इन में से 4 जदयू से और एक लोजपा (रामविलास) से है, भाजपा ने एक भी मुस्लिम उम्मीदवार नहीं खड़ा किया है। AIMIM पूरे बिहार में 29 सीटों में चुनाव लड़ रही है,जिसमें 26 प्रत्याशी मुस्लिम हैं। महागठबंधन, NDA और जन सुराज तीनों ने सिर्फ एक-एक मुस्लिम महिला को प्रत्याशी बनाया है, AIMIM ने किस भी मुस्लिम महिला को टिकट नहीं दिया है।
वैसे बिहार में मुस्लिम आबादी 17.7% है, उस हिसाब से सभी गठबंधन में 243 में से कम से कम 43 उम्मीदवार मुस्लिम होने चाहिए। लेकिन महागठबंधन ने पिछली बार भी 31 मुस्लिम प्रत्याशी खड़े किये थे, इस बार भी आंकड़ा उतना ही है।
अब सीटवार बात कर लेते हैं। पूरे बिहार में कुल तीन सीटें ऐसी हैं, जहाँ महागठबंधन, NDA, जन सुराज और AIMIM चारो ने मुस्लिम उम्मीदवार खड़े किये हैं। अररिया ज़िले की अररिया सीट पर कांग्रेस के सीटिंग MLA अबिदुर रहमान के सामने जदयू से शगुफ्ता अज़ीम, जन सुराज से फरहत आरा बेगम और AIMIM से मंज़ूर आलम हैं। अररिया के जोकीहाट सीट पर राजद विधायक शाहनवाज़ के सामने जदयू के मंज़र आलम, जन सुराज के सरफ़राज़ आलम और AIMIM के मुर्शिद आलम है। वहीं पूर्णिया की अमौर सीट पर AIMIM विधायक अख्तरुल ईमान के सामने कांग्रेस के अब्दुल जलील मस्तान, जदयू के सबा ज़फर और जन सुराज के अफ़रोज़ हैं।
इसके अलावा आठ सीटें ऐसी हैं, जहाँ महागठबंधन के साथ-साथ किसी अन्य दो गठबंधन ने भी मुस्लिम उम्मीदवार दिया है। जैसे किशनगंज के बहादुरगंज में कांग्रेस के मुसव्विर आलम के सामने लोजपा(रामविलास) के कलीमुद्दीन और AIMIM के तौसीफ आलम हैं। ठाकुरगंज में राजद के सऊद आलम के सामने जन सुराज के एकरामुल हक़ और AIMIM के ग़ुलाम हुसनैन, किशनगंज में कांग्रेस के कमरुल होदा के सामने AIMIM के शम्स आग़ाज़ और जन सुराज के इश्हाक आलम, कोचाधामन में राजद के मुजाहिद आलम के सामने AIMIM के सरवर आलम और जन सुराज के अबू अफ्फान फारूकी हैं। ऐसे ही पूर्णिया के बायसी में राजद के अब्दुस सुब्हान के सामने AIMIM के ग़ुलाम सरवर और जन सुराज के शाहनवाज़, कसबा में कांग्रेस के इरफ़ान आलम के सामने जन सुराज के इत्तेफ़ाक़ और AIMIM के शाहनवाज़, कटिहार के कदवा में कांग्रेस के शकील ख़ान के सामने जन सुराज के शहरयार और AIMIM के शाकिर रज़ा, बलरामपुर में भाकपा माले के महबूब आलम के सामने जन सुराज के असहाब आलम और AIMIM के आदिल हसन हैं।
कुल मिलाकर महागठबंधन ने इन 31 सीटों से मुस्लिम प्रत्याशी उतारे हैं – बेतिया, नरकटिया, ढाका, सुरसंड, बिस्फी ,सुपौल, अररिया, जोकीहाट, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, किशनगंज, कोचाधामन, अमौर, बायसी, कसबा, कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, बरारी, सिमरी बख्तियापुर, गौरा बौराम, केवटी, कांटी, रघुनाथपुर, गोरियाकोठी, समस्तीपुर, नाथनगर, बिहारशरीफ, आरा, रफीगंज और जमुई।
NDA ने इस पांच सीटों से मुस्लिम उम्मीदवार उतारे हैं – अररिया, जोकीहाट, बहादुरगंज, अमौर और चैनपुर।
वहीं, जन सुराज पार्टी के मुस्लिम उम्मीदवार इन 30 सीटों पर हैं – नरकटियागंज, केसरिया, बाजपट्टी, बेनीपट्टी, फॉरबिसगंज, अररिया, जोकीहाट, सिकटी, ठाकुरगंज, किशनगंज, कोचाधामन, अमौर, बायसी, कसबा, कटिहार, कदवा, बलरामपुर, महिषी, गौरा बौराम, दरभंगा ग्रामीण, बहादुरपुर, कुढ़नी, बरौली, सिवान, बड़हरिया, गोरियाकोठी, साहेबपुर कमाल, कहलगांव, नोखा और बेलागंज
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















