शिक्षा विभाग ने राज्य के शिक्षकों के ट्रांसफ़र को लेकर बहुप्रतीक्षित अधिसूचना जारी कर दी है। बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 के तहत समायोजन, समानुपातीकरण, म्यूचुअल ट्रांसफर और जनरल ट्रांसफर की प्रक्रिया के लिए संभावित समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। इसके अनुसार, शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल 29 जुलाई 2026 से खुल जाएगा, जिस पर 5 अगस्त 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार स्थानांतरण की पूरी प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी। इसका उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षकों के संतुलित वितरण, रिक्त पदों के समायोजन और शिक्षकों को पारदर्शी तरीके से स्थानांतरण की सुविधा उपलब्ध कराना है।
Also Read Story
तीन चरणों में होगी स्थानांतरण प्रक्रिया
पहले चरण में समायोजन व समानुपातीकरण के लिए आवेदन लिए जाएंगे। इसके लिए शिक्षक 29 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन मिलने के बाद 7 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक समायोजन और समानुपातीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इससे उन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी जहां आवश्यकता अधिक है, वहीं, अतिरिक्त शिक्षकों वाले विद्यालयों में संतुलन स्थापित किया जा सकेगा।
दूसरे चरण में 10 से 14 सितंबर 2026 तक पारस्परिक स्थानांतरण यानी म्यूचुअल ट्रांसफर (Mutual Transfer) की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत दो शिक्षक आपसी सहमति से निर्धारित नियमों के अनुसार अपने कार्यस्थल की अदला-बदली कर सकेंगे।
तीसरे चरण में 16 सितंबर 2026 को सामान्य स्थानांतरण के लिए संशोधित रिक्तियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके आधार पर शिक्षक 17 सितंबर से 23 सितंबर 2026 तक सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद 24 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक सामान्य स्थानांतरण सूची का प्रकाशन, आपत्तियों और अपीलों का निपटारा किया जाएगा।
पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्थानांतरण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए आवेदन से लेकर सूची प्रकाशन तक अधिकांश कार्य ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे। इससे शिक्षकों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर लगाना नहीं पड़ेगा और प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी।
ग़ौरतलब हो कि राज्य के शिक्षकों को इस नई स्थानांतरण नीति और ऑनलाइन प्रक्रिया का लंबे समय से इंतजार था। नई नियमावली के तहत पहली बार स्थानांतरण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है, जिससे विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता का संतुलन बनाने और शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार, निर्धारित अवधि में सभी चरण पूरे कर लिए गए तो अक्टूबर के अंत तक शिक्षकों के ट्रांसफर के ज़्यादातर मामलों का निपटारा हो जाएगा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















