बिहार में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4.0) के लिए आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। शिक्षा विभाग के अंतर्गत विद्यालय अध्यापक के कुल 32,388 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए योग्य भारतीय उम्मीदवारों से ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं।
BPSC की ओर से जारी विज्ञापन संख्या 14/2026 में भर्ती से संबंधित महत्वपूर्ण तिथियों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई है।
Also Read Story
1 सितंबर से शुरू होगा ऑनलाइन आवेदन
आयोग की अधिसूचना के अनुसार TRE-4 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी BPSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
BPSC ने आवेदन के साथ भुगतान की समय-सीमा भी स्पष्ट कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, ऑनलाइन आवेदन के लिए भुगतान की प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन, पात्रता शर्तों और आवेदन संबंधी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
TRE-4.0 के तहत बिहार के विद्यालयों में शिक्षकों के 32,388 पदों पर नियुक्ति के लिए बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा शिक्षक भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह भर्ती प्रारंभिक विद्यालयों से लेकर उच्च माध्यमिक स्तर तक शिक्षक पदों के लिए होगी। इससे बड़ी संख्या में शिक्षक अभ्यर्थियों को सरकारी नौकरी हासिल करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा अधिसूचना में यह भी बताया गया है कि सीटों की संख्या में बढ़ोतरी भी हो सकती है।
BPSC TRE-4 का नया एग्जाम पैटर्न, रहेगी नेगेटिव मार्किंग
BPSC TRE-4 के परीक्षा पैटर्न में इस बार बदलाव किया गया है। भर्ती परीक्षा अब दो चरणों—Prelims और Mains में आयोजित होगी। प्रारंभिक परीक्षा में केवल सामान्य अध्ययन (GS) से कुल 150 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा क्वालिफाइंग नेचर की होगी, जबकि अंतिम मेरिट मुख्य परीक्षा के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाएगी। Prelims और Mains दोनों परीक्षाओं में गलत उत्तर के लिए 1/3 अंक की नेगेटिव मार्किंग रहेगी।
अधिसूचना में बताया गया है कि TRE-4 के लिए वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे, जो निर्धारित शैक्षणिक योग्यता और शिक्षक प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं तथा STET 2026 में शामिल होने वाले हैं। हालांकि, ऐसे अभ्यर्थियों के लिए STET 2026 पास करना जरूरी होगा। नियम के अनुसार, प्रारंभिक परीक्षा से पहले STET 2026 उत्तीर्ण करना अनिवार्य होगा। यदि अभ्यर्थी STET 2026 में सफल नहीं होते हैं, तो उन्हें TRE-4 की प्रारंभिक परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी नहीं किया जाएगा।
लगातार प्रदर्शन कर रहे थे शिक्षक अभ्यर्थी
उल्लेखनीय हो कि TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी करने की मांग को लेकर शिक्षक अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों ने पटना के गर्दनीबाग में प्रदर्शन शुरू किया था। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी थी कि अगर अगले तीन दिनों के भीतर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया, तो वे आमरण अनशन शुरू करेंगे। इसी बीच अब BPSC की ओर से TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है।
हालांकि, प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की अन्य मांगें भी हैं। छात्रों ने TRE-4 में एकल स्तरीय परीक्षा कराने, कथित भ्रष्टाचार के जरिए पद हासिल करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई, BSSC की भर्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आवास नीति के साथ STET परीक्षा आयोजित कराने की मांग की है। इसके अलावा अभ्यर्थियों ने कथित परीक्षा माफिया के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
नोटिफिकेशन जारी होने से पहले छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा था कि सरकार को 24 घंटे के भीतर BPSC TRE-4 का विज्ञापन जारी करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी थी कि ऐसा नहीं होने पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास का घेराव किया जा सकता है।
अभ्यर्थी आवेदन और भर्ती से संबंधित आधिकारिक जानकारी के लिए BPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.bpsc.bihar.gov.in पर विस्तृत विज्ञापन देख सकते हैं।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















