बिहार के किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड क्षेत्र स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय लौचा तेघरिया में बीते शुक्रवार को एक छात्रा बिजली के तार की चपेट में आ गई। हादसे में आठवीं कक्षा की छात्रा नेहा परवीन बुरी तरह झुलस गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विद्यालय की छत के ऊपर 11 केवी बिजली का तार लटक रहा है। इससे पहले भी इस तार की वजह से छात्र दुर्घटनाओं का शिकार हो चुके हैं।
Also Read Story
शुक्रवार को हुए हादसे के बाद विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहादुरगंज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचारc के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए किशनगंज स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि स्कूल की छत के ऊपर से गुजर रहे 11 केवी बिजली के तार को शिफ्ट कराने के लिए पूर्व में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से आग्रह किया गया था। इसके बावजूद तार को अब तक नहीं हटाया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि लौचा पंचायत के वार्ड 6, 7 और 8 के सैकड़ों बच्चे इसी स्कूल में पढ़ते हैं। ऐसे में अगर स्कूल की छत के ऊपर इसी तरह बिजली के तार लटकते रहे, तो भविष्य में भी हादसे हो सकते हैं।
“सरकार से अनुरोध है कि यहां से तार हटाया जाए। बार-बार घटनाएं हुईं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। अगर दो दिन के अंदर तार नहीं हटाया गया, तो हम लोग स्कूल बंद करा देंगे। तीनों गांवों से कोई बच्चा स्कूल नहीं आएगा,” मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने कहा।
पहले भी हुए हैं हादसे
स्थानीय निवासी अबू तल्हा ने बताया कि वर्ष 2022 में भी एक बच्ची इसी खंभे के तार की चपेट में आकर घायल हुई थी। वहीं, 2024 में करंट से एक बच्ची का हाथ इतनी बुरी तरह झुलस गया था कि उसे काटना पड़ा था। उन्होंने कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद बिजली विभाग ने 11 केवी के तारों को स्कूल की छत के ऊपर से हटाया नहीं है। मौजूदा हादसे में घायल छात्रा का हाथ बुरी तरह झुलस गया है और शरीर के अन्य हिस्से भी जल गए हैं।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय जिला पार्षद प्रतिनिधि इमरान आलम ने कहा कि बहादुरगंज बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण बच्ची की जान जाने से बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी शिकायतों के बावजूद मामले पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
पार्षद प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी नवीन कुमार से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देने और विद्यालय की छत के ऊपर से गुजर रहे तार को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने की मांग की है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















