बिहार के अररिया जिले में गुरुवार देर शाम स्थानीय पत्रकार और यूट्यूब चैनल ट्रू रिपोर्ट्स के संस्थापक मुनव्वर आलम से हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की। घटना पूर्णिया बॉर्डर के पास करियात पुलिस चेक पोस्ट और मटियारी ओवरब्रिज के बीच घटी। इस वारदात के बाद पूरे जिले के पत्रकार समाज और आम लोगों में गहरी नाराज़गी है। पुलिस की तत्परता से घटना के कुछ घंटों के भीतर ही तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया तथा मोबाइल समेत घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गईं।
गुरुवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की अररिया में एक रैली और नुक्कड़ सभा आयोजित हुई थी। मुनव्वर आलम इस सभा की कवरेज कर ज़ीरो माइल स्थित अपने कार्यालय पहुँचे। वहां से देर शाम वह अपनी ससुराल, जलालगढ़ जाने के लिए निकले। करीब आठ बजे के आसपास वे अररिया से बाइक पर रवाना हुए थे।
Also Read Story
‘तीन दांत तोड़ दिए’
मुनव्वर ने बताया, “मैं असदुद्दीन ओवैसी साहब के प्रोग्राम के बाद करीब 8:15 बजे रात को अररिया से निकला। 8:55 के करीब मटियारी के पास पहुंचा, तभी तीन लोग आये। मेरी गाड़ी स्पीड में थी, अचनाक तीन लोग मेरे सामने आते हैं। पहले मेरा गर्दन पकड़ने की कोशिश कर रहे थे।”
जब वह पूर्णिया बॉर्डर के करीब पहुँचे, तभी तीन अज्ञात युवक बाइक से आए और उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पहले हथियार दिखाकर उन्हें डराया-धमकाया और उनका मोबाइल फोन तथा पर्स छीन लिया। इसके बाद बदमाशों ने हेलमेट से उनके चेहरे पर प्रहार कर उन्हें घायल भी कर दिया, जिसमें उनके दो दांत टूट गये। अचानक हुई इस घटना से मुनव्वर आलम कुछ देर के लिए स्तब्ध रह गए।
“उन में से एक बंदा बन्दूक लिए हुए मेरे पास आता है और हेलमेट खोलने को कहता है। उसी बीच वो खुद से हेलमेट छीन कर मेरी तलाशी करने लगता है। मैं गुज़ारिश करता रहा, लेकिन उसी समय उसने हेलमेट से हमला कर दिया। इस हमले में मेरे तीन दांत टूट गए। जब मैंने उनका पीछा किया तो उन्होंने मेरे ऊपर बन्दूक तान दिया”, मुनव्वर कहते हैं।
घटना के बाद किसी तरह संभल कर वह पास के करियात पुलिस चेक पोस्ट पहुँचे और पूरी जानकारी पुलिस को दी। वहां से उन्होंने अपने साथियों को भी फोन कर घटना की सूचना दी।
आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही महलगांव थाने के थाना प्रभारी (SHO) ब्रजेश कुमार भी तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों की छानबीन शुरू की। नज़दीकी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिससे बदमाशों की गतिविधियों और उनकी पहचान में अहम सुराग मिले।
पुलिस की तेज़ कार्रवाई के चलते देर रात ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही, मुनव्वर आलम का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर लिया गया।
स्थानीय पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि पत्रकार समाज के लोग दिन-रात जोखिम उठाकर खबरें लोगों तक पहुँचाते हैं और उनके साथ इस तरह की घटनाएँ होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुनव्वर आलम पूर्व में मिल्लत टाइम्स के साथ भी जुड़े रहे हैं और वर्तमान में अपने चैनल ट्रू रिपोर्ट्स के जरिए सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। उनके साथ घटी यह घटना पत्रकारों के लिए सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।
महलगांव थाना पुलिस ने बताया कि अपराधियों की पहचान स्थानीय स्तर पर हुई है और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि लूट के इरादे से इन बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया।
घटना के बाद आलम को प्राथमिक उपचार के लिए नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी जांच की। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इलाज के बाद उन्हें उनके गांव भेज दिया गया।
अररिया और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटनाएँ पहले भी होती रही हैं। कई बार आम राहगीरों और व्यवसायियों को बदमाशों द्वारा निशाना बनाया गया है। पत्रकार समाज का कहना है कि अगर पुलिस गश्ती और चेकिंग को और मज़बूत करे तो इस तरह की वारदातों पर रोक लगाई जा सकती है। अररिया में हुई यह वारदात सिर्फ एक पत्रकार पर हमला नहीं, बल्कि समाज के उस हिस्से पर हमला है जो जनता और प्रशासन के बीच सेतु का काम करता है।
पूर्व में हुए मामले
अररिया में पत्रकारों की सुरक्षा लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। 2023 में अपराधियों ने जिले के रानीगंज प्रखंड में एक पत्रकार की गोली मारकर हत्या कर दी है। मृत पत्रकार विमल सिंह यादव दैनिक जागरण अखबार में प्रखंड रिपोर्टर के रूप में पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे। मामले में सभी आठ आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए थे।
उसी साल ज़िले के एक अन्य पत्रकार को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी। प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ मृगेंद्रमणि सिंह को यह धमकी मिली थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया था।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















