बिहार: पूर्णिया जिले के के.हाट थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस वर्दी में तैनात एक अवर निरीक्षक और दो सिपाहियों ने एक युवक से ₹1.10 लाख की रकम जबरन छीन ली। इस मामले में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरी रकम बरामद कर ली गई है।
पूर्णिया पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 14 मई की रात मोहनी गांव निवासी 18 वर्षीय अभिनन्दन यादव ने के.हाट थाने में एक आवेदन देकर शिकायत की कि रात करीब 12 बजे चुन्नी उरांव चौक के पास पुलिस की गाड़ी में सवार वर्दीधारी तीन व्यक्तियों और एक सिविल ड्रेस पहने युवक ने उसे रोका और उसके पास रखी ₹1.10 लाख की नकद राशि छीन ली। आरोपियों ने उसे धमकियां भी दीं।
Also Read Story
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के आधार पर पुलिस ने अमन कुमार उर्फ गोलू नामक युवक को गिरफ्तार किया, जिसके पास से पूरी राशि बरामद कर ली गई। इसके बाद पुलिस ने अमन की निशानदेही पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के दो सिपाही अनुज कुमार और योगेन्द्र पासवान के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार झा को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया शुरू की गई है और सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। पुलिस विभाग ने इस मामले में शामिल अधिकारियों और सिपाहियों को निलंबित करने की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















