बिहार में कुछ दिनों पहले ही पैक्स चुनाव संपन्न हुए हैं। पंचायतों में चुने गए पैक्स के अध्यक्षों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है कि वे किसानों से सरकार द्वारा तय किये गये एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर ही धान की खरीदारी करें, जिससे किसानों का मुनाफा बढ़ सके।
हालांकि, होता इसका उल्टा है। बहुत कम पैक्स ऐसे हैं जो किसानों से खुले मन और ईमानदारी से धान की खरीदारी करते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि आप जागरूक नहीं हैं। आपकी कम जानकारी का फायदा उठाकर वे अपनी मर्जी से धान की खरीदारी करने लगते हैं। लोकल व्यापारियों से धान खरीद कर खानापूर्ति करने लगते हैं।
Also Read Story
तो चलिए, जागरूक होने की प्रक्रिया शुरू करते हैं।
1. धान बेचने के लिए किसान का रजिस्टर होना जरूरी है।
पैक्स में आपका नाम है या नहीं, इसका धान की खरीद-बिक्री से कोई लेना-देना नहीं है। आपके पास किसान पंजीयन संख्या होना काफी है।
2. सरकारी रेट पर नजर डालें:
सरकार ने ए ग्रेड धान की कीमत ₹2320 प्रति क्विंटल और साधारण धान की कीमत ₹2300 प्रति क्विंटल तय की है।
3. धान की नमी:
धान की नमी इलेक्ट्रॉनिक मशीन से चेक की जाती है। नमी की अधिकतम मात्रा 17% हो सकती है। यह आप पर निर्भर करता है कि आप धान सुखाकर ले जाते हैं या नहीं। धान सुखाकर ले जाने से नमी की मात्रा कम होगी।
4. धान बेचने की सीमा:
– रैयत किसान (जमीन आपके नाम से है): आप अपने नाम से अधिकतम 250 क्विंटल धान बेच सकते हैं।
– गैर-रैयत किसान (जमीन आपके नाम से नहीं है या किसी और की जमीन को आधे पर ले रखा है): आप अधिकतम 100 क्विंटल धान बेच सकते हैं।
5. पैक्स का चयन:
किसानों के लिए जरूरी नहीं है कि वे अपनी पंचायतों के पैक्स को ही धान बेचें। किसान जहां चाहे, अपना धान बेच सकता है।
6. ऑनलाइन प्रक्रिया जरूरी:
आपको पहले ऑनलाइन करना होगा। जब आप ऑनलाइन करने के बाद धान पैक्स को देंगे, तो 48 घंटे में धान का पैसा आपके बैंक अकाउंट में आ जाएगा। यदि आप ऑनलाइन नहीं करते हैं, तो फिर आपको सरकार द्वारा तय रेट का फायदा नहीं मिलेगा।
धान बेचने के लिए जरूरी दस्तावेज:
अगर आपके पास किसान रजिस्ट्रेशन नंबर है, तो यह काफी है। यदि नहीं है, तो आपको पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
– कहां करें रजिस्ट्रेशन:
आप DBT Bihar की वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
– अगर आधार से मोबाइल नंबर लिंक है, तो आप घर बैठे रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
– अगर लिंक नहीं है, तो आपको CSC सेंटर से यह काम करवाना होगा।
धान बेचने से पहले ऑनलाइन कैसे करें:
जिन किसानों के पास पंजीयन संख्या मौजूद है, वे e-Sahkaari नाम की वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।