मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समाधान यात्रा के अगले पड़ाव में शुक्रवार को अररिया पहुंचे। पार्टी नेताओं से मिलने के बाद उन्होंने अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड के खरहट गांव में जीविका दीदियों से मुलाकात की। जीविका दीदी द्वारा किये गए मत्स्य और बत्तख पालन का अवलोकन किया। गांव में बने सार्वजनिक शौचालय की चाभी ग्रामीणों को सौंपने के बाद बैटरी द्वारा चलित ट्राय साइकिल भी लाभुकों में बांटा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वार्ड 13 में बने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कई ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री का काफिला रानीगंज प्रखंड के मोहिनीपुर पंचायत के दुर्गापुर गांव में पहुंचा। दुर्गापुर में समेकित मत्स्य तालाब और मखाना उत्पादन का निरीक्षण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने तालाब के अरेटर का भी उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री कलस्टर योजना के तहत अनुदानित मखाना प्रोसेसिंग यूनिट का उन्होंने निरीक्षण किया। अररिया जिला मुख्यालय में खेल भवन का भी उद्घाटन किया।
Also Read Story
उन्होंने इस मौके पर कहा कि राज्य सरकार जीविका की आर्थिक स्थिति की समीक्षा कर रहा है। जीविका दीदी की आमदनी को बढ़ाने का प्रयास किया जायेगा। राज्य सरकारी सेवा में लड़कियों के 35 प्रतिशत आरक्षण का भी उन्होंने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य के स्कूल, कॉलेजों में लड़कियों की भागीदारी बढ़ी है। देश के बड़े बड़े राज्यों की तुलना में बिहार पुलिस विभाग में महिलाओं की संख्या ज्यादा है। राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी और आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए योजना चलाई जा रही है।
नीतीश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि समाधान यात्रा के तहत राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। लोगों को समस्याओं के अनुसार दिशा निर्देश दिया जा रहा है। जिले में बिजली बिल की समस्याओं के लिए भी डीएम और संबंधित अधिकारी को निर्देश दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में भाईचारे को बनाकर रखने की भी सलाह दी है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।
