अररिया: नो मैंस लैंड पर बसे फारबिसगंज प्रखंड के कुलहनिया चंदामोहन गांव में एसएसबी जवानों व ग्रामीणों के बीच जमकर झड़प हुई, जिसमें एक जवान बुरी तरह घायल हो गया।
उसे इलाज के लिए फारबिसगंज अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
Also Read Story
एसएसबी 56 बटालियन जोगबनी के असिस्टेंट कमांडेंट दीपक कुमार ने बताया कि पिलर संख्या 174/2 के पास एसएसबी के जवानों ने गेहूं से लदे दो ट्रैक्टर को नो मैंस लैंड से नेपाल जाने से रोका। उसी वक्त वहां के नजदीकी लोगों की भीड़ ने जवानों पर हमला कर दिया और एक जवान को घायल कर दिया। घायल जवान सुनील सेन 56 बटालियन का है। वहीं, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मेराज के रूप में हुई है।
ट्रैक्टर में करीब 11 टन गेहूं था। ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़ कर मौके से फरार हो गया। जवानों ने गेहूं समेत ट्रैक्टर को जब्त कर लिया।
जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 9 बजे की है। झड़प इतनी खौफनाक थी कि एसएसबी को 3 कैंपों से महिला व पुरुष जवानों को बुलाना पड़ा।
बताया जाता है कि फारबिसगंज प्रखंड और कुर्साकांटा प्रखंड के बीच सोनामनी गोदाम थाना क्षेत्र की सीमा से लगे चंदामोहन गांव से शराब से लेकर चीनी, मटर, गेहूं , मवेशी आदि सामानों की तस्करी खूब होती है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।
