पूर्णिया में होने वाली महारैली के लिए महागठबंधन के नेता सीमांचल के अलग अलग जिलों में बैठक कर रहे हैं। रैली को सफल बनाने के लिए आज किशनगंज में मास्टर प्लान तैयार किया गया है।
25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में होने वाली रैली को लेकर महागठबंधन के नेता और कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। सीमांचल के अलग अलग जिलों में घूमकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए सारी ताकत झोंक दी है।
Also Read Story
किशनगंज जिले के चुड़ीपट्टी स्थित बहुउद्देशीय वक्फ भवन में राजद के मंत्री, विधायक और नेताओं ने एक बैठक का आयोजन किया था।बैठक में रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिया निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बात करते हुए राजद के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा कि सीमांचल के चार जिले और कोसी के चार जिला को मिलाकर विशाल रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस रैली के माध्यम से देश में बढ़ रही सम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ आवाज बुलंद कर 2024 लोकसभा चुनाव का आगाज किया जायेगा।केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि देश कुपोषण, महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक गुलामी की ओर बढ़ रहा है।
रैली की कामयाबी पर बात करते हुए राजद विधायक इजहार असफी ने कहा कि देश से भाजपा हटाओ अभियान की शुरुआत रंगभूमि मैदान में होने वाली रैली से की जाएगी। इस महारैली से बिहार के साथ देश की राजनीतिक दिशा और दशा बदलेगी। आगे उन्होंने कहा कि भाजपा देश को बेच रही है और जमीनी मुद्दों से लोगों का ध्यान भटका रही है।
पत्रकारों से बात करते हुए सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक अख्तरूल इस्लाम शाहीन ने कहा कि रैली के माध्यम से लोगों को गोलबंद किया जायेगा।
“देश की आर्थिक व्यवस्था तबाह हो गई है जिससे लोगों में बैचैनी और डर का महौल है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता का पैसा अपने दोस्तों में बांट रहे है,” उन्होंने कहा। उन्होंने आगे बताया कि भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं और दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार होता है जिससे निजात पाने के लिए रैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि बिहार से ‘भाजपा भगाओ देश बचाओ’ की शुरुआत की जाएगी और धीरे धीरे देश की सभी विपक्षी पार्टियों से अभियान में जुड़ने का आह्वान किया जायेगा।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।