रविवार देर रात किशनगंज नगर थाना क्षेत्र के धर्मगंज मोहल्ले में पारिवारिक विवाद में एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी को चाकू मार कर हत्या करने का आरोप लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, कानून की नजर से बचने के लिए आरोपी ने खुद को भी चाक़ू से ज़ख़्मी कर लिया। चीखने-चिल्लाने की आवाज़ सुनकर आसपास के लोगों ने दोनों को किशनगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया जहां घायल महिला को मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों का कहना है कि घायल महिला की मौत अस्पताल जाने के दौरान हो गई थी। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी की नाज़ुक हालत देखते हुए उसे सिलीगुड़ी रेफर किया गया है।
Also Read Story
आरोपी का नाम धीरज पासवान बताया गया है और मृतका की पहचान कविता पासवान के रूप में हुई है। मृतका के भाई की लिखित शिकायत पर आरोपी सहित छह लोगों के खिलाफ टाउन थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पति के अलावा एफआईआर में शामिल अन्य आरोपी फरार हैं। मृतका के भाई संजय पासवान ने शिकायत पत्र में लिखा कि 15 दिन पहले उनकी बहन ने उन्हें फ़ोन पर अपने पति द्वारा मारपीट की शिकायत की थी। संजय पासवान के अनुसार, धीरज पासवान ने अपने ससुराल वालों से कहा था कि जब तक उसे पैसा नहीं दिया जाएगा, तब तक उसकी बहन के साथ ग़लत होता रहेगा।
कविता देवी का विवाह दस वर्ष पहले धीरज के साथ हुआ था। शादी के कुछ दिनों के बाद से ही पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
मृतका के चार बच्चे हैं। घटना के वक्त बच्चे नींद में थे। एक बच्ची ने बताया कि उसके पापा ने ही उसकी मम्मी की चाकू मारकर हत्या की है। पुलिस ने घटना की पुष्टि कर कहा कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।