बिहार के किशनगंज जिले के दिघलबैंक थाना क्षेत्र स्थित तुलसिया हॉल्ट रेलवे स्टेशन पर एक युवती को घेरकर मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक एक लड़की से उलझते नज़र आ रहे हैं। इस मामले में किशनगंज पुलिस ने 3 युवकों को गिरफ्तार किया है।
किशनगंज पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि बीते 24 और 25 सितंबर की दरमियानी रात करीब 12:30 बजे व्हाट्सएप पर एक वीडियो प्राप्त हुआ जिसमें 8-9 लड़कों की भीड़ युवती को घेरे हुए दिख रही है, जबकि 4-5 युवक उसके साथ मारपीट और डांट-फटकार कर रहे हैं।
Also Read Story
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पुलिस टीम के साथ रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और तकनीकी साक्ष्यों तथा मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शुरुआती जांच में वीडियो 4-5 महीने पुराना, संभवतः अप्रैल या मई 2026 का पाया गया है। मामले में पुलिस ने पांच युवकों की पहचान की है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष SIT का गठन किया।
हिंदू दोस्त से मिलने पर लड़की से बदसलूकी
पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कर दी। पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने पूछताछ में बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने रेलवे स्टेशन गई थी। वहां आसपास के गांवों के कुछ लड़कों ने उसे देख लिया और कथित तौर पर यह कहते हुए चिल्लाने और डांटने लगे कि ‘तुम्हारा हिंदू दोस्त कैसे हो सकता है।’
पीड़िता के बयान के मुताबिक, इसके बाद युवकों ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना के बाद स्थानीय मुखिया की ओर से ग्राम स्तर पर पंचायत भी आयोजित की गई थी और विवाद को स्थानीय स्तर पर सुलझा लिया गया था।
पांच में से तीन अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस ने वीडियो और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल पांच युवकों की पहचान की है। इनमें अफसर उर्फ हती, जुबेर खान, मिजान उर्फ सलमान, कामिल और शहजाद शामिल हैं। पुलिस को अफसर उर्फ हती के गुजरात, जुबेर खान के हरियाणा, मिजान उर्फ सलमान के कर्नाटक और कामिल के पंजाब में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद 25 सितंबर को पुलिस ने अभियुक्त शहजाद (21 वर्ष), निवासी जागीर दहीभात, थाना दिघलबैंक को गिरफ्तार किया। अगले दिन दो और अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। किशनगंज पुलिस ने 26 सितंबर को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिनाज उर्फ सलमान (22 वर्ष), निवासी जागीर दहीभात, और अफसर आलम उर्फ हती (38 वर्ष), निवासी खाड़ीबस्ती मुस्ताफगंज, थाना दिघलबैंक के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद मिनाज कर्नाटक और अफसर आलम गुजरात में रह रहा था। एसआईटी ने दोनों की तलाश करते हुए एक आरोपी को पूर्णिया एयरपोर्ट और दूसरे को पश्चिम बंगाल के बागडोगरा एयरपोर्ट के पास ट्रैक किया। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को किशनगंज जिले के क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, किशनगंज पुलिस ने आम लोगों, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज चैनलों से मामले में भ्रामक खबरें प्रसारित नहीं करने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
सीमांचल की ज़मीनी ख़बरें सामने लाने में सहभागी बनें। ‘मैं मीडिया’ की सदस्यता लेने के लिए Support Us बटन पर क्लिक करें।



















